एकादशी तिथि भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी की आराधना के लिए बेहद शुभ मानी जाती है। सनातन धर्म की मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और विधि-विधान से किए गए कुछ विशेष उपाय आर्थिक परेशानियां दूर करने और सुख-समृद्धि बढ़ाने में सहायक हैं। ज्योतिष शास्त्र में एकादशी की रात के लिए कुछ आसान उपाय बताए गए हैं, जो ग्रह दोष और पितृदोष की शांति के लिए भी लाभकारी माने जाते हैं। तो चलिए जानते हैं इन प्रभावशाली उपायों के बारे में।
मुख्य द्वार पर करें यह उपाय
एकादशी की रात घर के मुख्य द्वार पर गाय के घी का दीपक जलाना शुभ होता है। चाहें तो दीपक में एक चुटकी हल्दी या कुमकुम भी डाल दें। इसके साथ दरवाजे पर हल्दी से स्वास्तिक बनाएं। मान्यता है कि यह उपाय घर में सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में सहायक होता है।
ऐसे करें लक्ष्मी-विष्णु की आराधना
नौकरी, व्यापार या करियर में लगातार रुकावटें आ रही हैं, तो एकादशी की रात पीले कपड़े पहनकर विष्णु जी और मां लक्ष्मी की प्रतिमा के सामने शुद्ध घी का बड़ा दीपक जलाएं। इसके बाद कनकधारा स्तोत्र या विष्णु सहस्रनाम का पाठ करें। पूजा पूरी होने पर भगवान को मिश्री और मखाने का भोग अर्पित करें।
नौ बातियों का दीपक
एकादशी की रात तुलसी के पौधे के पास गाय के घी का नौ बातियों वाला दीपक जलाएं। इसके बाद दूर खड़े होकर 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करें और 11 या 21 बार तुलसी की परिक्रमा करें। मान्यता है कि इस उपाय से लक्ष्मी-नारायण की कृपा प्राप्त होती है। ध्यान रखें कि तुलसी को स्पर्श नहीं कर है, दूर से ही पूजन करें।
तिजोरी के लिए उपाय
एकादशी की रात मां लक्ष्मी के सामने पीले कपड़े पर 5 पीली कौड़ियां, 5 गोमती चक्र और चांदी का एक सिक्का रखें और इसे पूरी रात ऐसे ही रहने दें। अगले दिन इसी पोटली बनाकर तिजोरी या धन के स्थान पर रखने से आर्थिक समृद्धि के योग बनते हैं।
पीपल के नीचे दीपदान
एकादशी की शाम या रात पीपल के पेड़ के नीचे सरसों के तेल का चौमुखी दीपक जलाकर पितरों का स्मरण करें। यह उपाय ग्रह दोष और पितृदोष की शांति के साथ घर में सुख-शांति बनाए रखने में सहायक माना जाता है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें: शुक्र ग्रह की राशि में चंद्रमा का गोचर, 12 जुलाई तक इन 3 राशियों पर भाग्य मेहरबान, हर मोर्चे पर मिलेगी कामयाबी