1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Holika Dahan Upay: होलिका दहन के बाद जरूर करें ये उपाय, दूर होगी घर की हर समस्या, घर में होगा खुशियों का आगमन

Holika Dahan Upay: होलिका दहन के बाद जरूर करें ये उपाय, दूर होगी घर की हर समस्या, घर में होगा खुशियों का आगमन

 Written By: Acharya Indu Prakash Edited By: Vineeta Mandal
 Published : Mar 02, 2026 10:47 pm IST,  Updated : Mar 02, 2026 10:47 pm IST

Holika Dahan: अगर आपका जीवन परेशानियों से घिर गया है तो होलिका दहन के दिन ये खास उपाय जरूर करें। इन उपायों को करने से समस्त समस्याओं से छुटकारा मिल जाता है।

होलिका दहन उपाय- India TV Hindi
होलिका दहन उपाय Image Source : FILE IMAGE

Holika Dahan Upay: फाल्गुन पूर्णिमा के दिन होलिका दहन किया जाता है। इसे छोटी होली के रूप में भी जाना जाता है। होलिका दहन को बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। राजा हिरण्यकश्यप और होलिका पर भक्त प्रह्लाद की जीत के रूप में मनाया जाता है। दरअसल होलिका हिरण्यकश्यप की बहन थी और उसे आग में ना जलने का वरदान प्राप्त था, जबकि हिरण्यकश्यप के पुत्र प्रह्लाद भगवान विष्णु के परम भक्त थे, जो कि हिरण्यकश्यप को बिल्कुल भी पसंद नहीं था। इसलिए एक दिन हिरण्यकश्यप ने अपने बेटे की विष्णु भक्ति से परेशान होकर उसे होलिका के साथ आग में जलने के लिये बिठा दिया, लेकिन भगवान विष्णु की कृपा से प्रह्लाद बच गये और होलिका आग में जल गई । तभी से होलिका दहन का ये त्यौहार मनाया जाने लगा । इस दिन होलिका दहन के समय जलती हुई आग में से भक्त प्रह्लाद के प्रतीक स्वरूप मिट्टी में दबाये गये डंडे को निकाला जाता है, जबकि डंडे के आस-पास लगी हुई लकड़ियों को जलने दिया जाता है। 

होलिका दहन की अग्नि को अत्यंत ही पवित्र माना जाता है। होलिका की राख से कई खास उपाय किए जाते हैं। कहते हैं कि होलिका दहन के बाद इन उपायों को करने से जीवन में चल रही समस्त परेशानियों का समाधान निकल जाता है। तो आइए आज हम आपको बताते हैं कि होलिका दहन के बाद कौनसे विशेष उपाय करने चाहिए।

- अगर आप परिवार की खुशियों में बढ़ोतरी करना चाहते हैं, सबके चेहरों पर खिलखिलाहट देखना चाहते हैं, तो आपको होलिका दहन के समय पत्तों समेत गन्ने को सेंकना चाहिए और उसको परिवार के सब सदस्यों में प्रसाद के रूप में देना चाहिए। साथ ही होलिका दहन के बाद परिवार के सब सदस्यों को गुलाल से तिलक लगाना चाहिए।

- अगर आप अपनी तिजोरियों को धन-धान्य से भरे रखना चाहते हैं, तो होलिका दहन के दिन होलिका पूजन के लिए एक थाली में गेहूं की बालियां, कुछ सिक्के, हल्दी की दो गाठें और बाकी पूजा सामग्री लेकर पूजा के स्थान पर जायें और सबसे पहले होली की विधि-पूर्वक पूजा करें। फिर थाली में रखी बालियों और सिक्कों की भी पूजा करें। इसके बाद गेहूं की बालियों में से कुछ बालियां और एक हल्दी की गांठ को होली में डाल दें और बाकी बची बालियों, एक हल्दी की गांठ और साथ ही थाली में रखे सिक्कों को अपने साथ घर वापस ले आयें और उन सबको एक पीले रंग के कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी में रख लें।

- अगर ऑफिस में कुछ दिनों से आपकी अपने सीनियर से नहीं बन रही है, तो होलिका दहन के दिन आपको एक सूखा नारियल लेकर, उसे ऊपर की तरफ से काटना चाहिए और उसमें थोड़ा-सा गुड़ और कुछ अलसी के दाने डालकर होली की अग्नि में डालना चाहिए। साथ ही हाथ जोड़कर प्रार्थना करनी चाहिए।

- अगर आप अपने खिलाफ दुश्मनों की चाल से बचे रहना चाहते हैं, तो होलिका दहन के दिन आपको गोबर के पांच उपलों की माला बनाकर होलिका दहन के समय होली में डालनी चाहिए और दोनों हाथों से होली की अग्नि की गर्माहट लेकर अपनी आंखों पर लगाते हुए कान से पीछे की तरफ ले जाना चाहिए।

- अगर आप अपने काम में ठीक से ध्यान नहीं लगा पा रहे हैं, तो होलिका दहन के दिन आप एक मुट्ठी काले तिल लेकर अपने सिर के ऊपर से 6 बार क्लॉक वाइज और एक बार एंटी क्लॉक वाइज़ वारकर होली की आग में डाल दें।

- अगर आप अपने कारोबार से जुड़े लोगों के साथ अच्छे रिश्ते बनाये रखना चाहते हैं, तो होलिका दहन के दिन आपको होलिका दहन के समय होली की पांच बार परिक्रमा करनी चाहिए और हर बार परिक्रमा पूरी करने के बाद होली में मखानों की आहुति देनी चाहिए।

- अगर आपको लगता है कि आपके घर की सुख-शांति को किसी की नजर लग गई है, तो आपको अपने घर के दक्षिण-पूर्व कोने में 21 गोबर के उपलों के ढेर पर होली प्रज्वलित करनी चाहिए और इसके लिए आपको किसी सार्वजनिक स्थान से होली की अग्नि लानी चाहिए, यानि घर के आस-पास मोहल्ले में जो होली जलाई जाएगी, उसकी अग्नि घर पर लानी चाहिए और उस अग्नि से गोबर के उपलों में होली जलानी चाहिए। अगर आपको 21 उपले ना मिले तो उपले के छोटे-छोटे 21 टुकड़े करके उसकी होली जलाएं।

- अगर आप परिवार में रिश्तों को बेहतर बनाये रखना चाहते हैं, अपने परिवार को हर परेशानी से दूर रखना चाहते हैं, तो होलिका दहन के दिन आपको अपने हाथ को ऊपर की तरफ करके, कच्चे सूत का धागा लेकर अपने पैर के अंगूठे से अपने हाथ की ऊंचाई तक नापना चाहिए और ऐसे ही घर के बाकी सदस्यों के साथ भी करना चाहिए। इसके बाद सारे धागों को होली की आग में जला दें।

- अगर आप परिवार में सबकी सेहत अच्छी बनाये रखना चाहते हैं, तो होलिका दहन के दिन आपको होली की आग में गेहूं की बालियां भूननी चाहिए और भूनने के बाद सबसे पहले कुछ दाने होली में डालने चाहिए। फिर थोड़े-थोड़े दाने प्रसाद के रूप में परिवार के सब सदस्यों में बांट दें और बची हुई बालियों को अगले दिन पक्षियों को खाने के लिए डाल दें। यहां एक बात यह ध्यान रखना है कि बालियां कबूतरों को नहीं डालनी है।

- अगर आप अपने वैवाहिक जीवन को हर तरह की परेशानी से बचाये रखना चाहते हैं, तो होलिका दहन के दिन आपको अपने जीवनसाथी के साथ मिलकर घर के बाहर चौमुखा आटे का एक दीपक जलाना चाहिए और होलिका दहन के समय होली की अग्नि में गेहूं या जौ के दानों के साथ पांच बताशों की आहुति देनी चाहिए।

- अगर आप अपने बच्चों के जीवन में हर क्षेत्र में सफलता सुनिश्चित करना चाहते हैं, तो होलिका दहन के दिन आपको अपने बच्चों को होलिका पूजन के लिए अपने साथ ले जाना चाहिए और वहां जाकर विधि-पूर्वक पूजा करनी चाहिए। साथ ही होलिका दहन के समय अपने बच्चों के हाथों से नारियल फल होली की अग्नि में डलवाना चाहिए।

- अगर आप अपनी या अपने जीवनसाथी की खास इच्छा पूरी करना चाहते हैं, तो होलिका दहन के दिन आपको होलिका पूजन के बाद होली की परिक्रमा करते हुए पांच बार कच्चे सूत का धागा लपेटना चाहिए। साथ ही जल चढ़ाना चाहिए।

(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)

ये भी पढ़ें- 

Chandra Grahan 2026: गर्भवती महिलाओं को चंद्र ग्रहण भूलकर भी नहीं देखना चाहिए? जानें क्या करें और क्या नहीं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।