भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को पत्थर चौथ या कलंक चतुर्थी के नाम से जाना जाता है। इस साल सोमवार, 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी पड़ रही है। शास्त्रों में आज के दिन चंद्र दर्शन निषेध बताया गया है। इस दिन चंद्रमा का दर्शन करना कलंक लगाने वाला होता है। लिहाजा चंद्रमा के दर्शन न किए जाने की बात कही जाती है। लेकिन इस दिन कुछ विशेष उपाय करके कलंकी चांद का लाभ भी लिया जा सकता है। आचार्य इंदु प्रकाश से जानिए भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी पर किये जाने वाले कुछ विशेष उपाय।
जीवनसाथी की नाराजगी होगी दूर
अगर आपके किसी गलती की वजह से आपका जीवनसाथी आपसे नाराज है, तो आज एक मिट्टी की हांडी लेकर, उसमें इमली के 6 कोयले डालें। साथ ही उस हांडी को दूध से इतना भर दें कि वो कोयले के टुकड़े दूध में डूब जाएं। फिर सूर्य़ास्त के पहले उस कोयले और दूध से भरी हांडी को ले जाकर ऐसी जगह पर रख दें, जहां से चांद की रोशनी इस पर पड़े। इस हांड़ी को रात भर वहीं रखा रहने दें। अगले दिन सुबह उठकर किसी पत्थर पर अपना नाम लिखें, फिर प्लस का चिन्ह बनाएं, फिर अपने जीवनसाथी का नाम लिखें और हर बार नाम लिखने के बाद उस पत्थर को गीले कपड़े से पोंछ दें। इस प्रकार 100 बार अपना और अपने जीवनसाथी का नाम लिखना है और 100 बार लिख चुकने के बाद उस पत्थर को साफ करके यथास्थान पर छोड़ दें।
जीवनसाथी के प्यार पर विश्वास
आज मिट्टी के एक बर्तन में रूई का फाहा बिछाकर उसके बीच मिश्री की एक मोटी डली रखिए और उसे आज शाम को सूर्यास्त से पहले ऐसी जगह पर रख दीजिये, जहां पर चांद की रोशनी उस पर पड़े और रात भर उस बर्तन को वहीं रखा रहने दीजिए। फिर सुबह उठकर, उस हांडी में रखी मिश्री को रूई के फाहे में लपेटकर किसी नदी, तालाब में प्रवाहित कर दीजिये और मिट्टी के बर्तन को चौराहे पर उल्टा करके रख दीजिये।
इस प्रकार ये उपाय करने से जीवनसाथी के प्यार पर आपका विश्वास कायम होगा।
ऑफिस की चार्ज शीट से छुटकारा
अगर आपको ऑफिस में किसी मामले में चार्ज शीट मिल गयी है और आप उससे छुटकारा पाना चाहते हैं, तो आज एक कांच के बर्तन में शहद भरकर घर की छत पर सूर्यास्त के पहले ऐसी जगह पर रख दें, जहां चांद की रोशनी उस पर पड़ती हो और अगले दिन उस शहद से भरे कांच के बर्तन को अपने घर की उत्तर-पश्चिम दिशा में सुरक्षित रख लें और अब जब भी आपको चार्ज शीट के मामले में कोई जवाब भेजना हो, तो जवाब को भेजने से पहले उस कांच के बर्तन को नमस्कार करके जवाब देने जायें।
जीवनसाथी का साथ पाने के लिए
आज एक मिट्टी की हांड़ी में एक कोयला डालकर उसमें थोड़ा-सा दूध डालिए। साथ ही उसमें थोड़ी मिश्री और 5 काली मिर्च डालिये। अब किसी खुली जगह में, सूर्यास्त से पहले पीले रंग के 5 फूल बिछाकर उनके ऊपर ये हांडी रख दीजिये और हांडी के बगल में एक छोटी-सी मिट्टी की प्याली में एक टुकड़ा भीम सेनी कपूर और थोड़ी-सी जटा मासी रख दीजिये। अगली सुबह कपूर और जटा मासी को भगवान के आगे रख दीजिये और हांडी को फूलों सहित ले जाकर, उस पर ढक्कन लगाकर किसी नदी या तालाब में प्रवाहित कर दीजिये।
अगर आपके जीवनसाथी ने किसी कारणवश आपका साथ छोड़ दिया है तो ये उपाय करने से आपको अपने जीवनसाथी का पूरा-पूरा साथ मिलेगा।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें: हरतालिका तीज व्रत: क्या जिंदगीभर करना होता है ये उपवास? जानें कब कर सकते हैं उद्यापन और क्या हैं नियम