उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर भगवान शिव के सबसे प्रमुख मंदिरों में से एक है, जहां पूरे साल भक्तों का तांता लगा रहा है। जब सावन महीना आता है तो यहां आने वाले भक्तों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले काफी ज्यादा बढ़ जाती है। यहां सावन में हर साल करोंड़ों की संख्या में लोग दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए ही मंदिर समिति की तरफ से मंदिर खुलने और भस्म आरती के समय में बदलाव कर दिया जाता है। आइए जानते हैं इस साल सावन में महाकाल मंदिर खुलने और भस्म आरती का समय क्या रहेगा। बता दें यह समय 30 जुलाई से 7 सितंबर तक लागू रहेगा।
सावन 2026 में महाकाल मंदिर खुलने का समय
आम दिनों में महाकाल मंदिर भक्तों के दर्शन के लिए सुबह 4 बजे से 11 बजे तक खुला रहता है। लेकिन सावन में भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर थोड़ा पहले ही खोल दिया जाता है। इस सावन महाकाल मंदिर के कपाट सुबह 3 बजे ही खोल दिए जाएंगे और भक्त देर रात तक इस दिव्य ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर सकेंगे। वहीं सावन सोमवार के दिन मंदिर के कपाट सुबह 2.30 बजे से ही खुल जाएंगे।
सावन में भस्म आरती का समय
सामान्य दिनों में भस्म आरती का समय सुबह 4 बजे से 6 बजे तक रहता है। लेकन सावन के पूरे महीने भस्म आरती का समय प्रातः 3 बजे से 5 बजे तक रहेगा। जबकि सावन सोमवार के दिन भस्म आरती प्रातः 2:30 से 4:30 बजे के बीच की जाएगी।
भस्म आरती में शामिल होने के लिए क्या करना होगा?
उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती में शामिल होने के लिए आपको ऑनलाइन एडवांस बुकिंग करनी होगी क्योंकि बिना इसके आरती में शामिल होना संभव नहीं है। बता दें मंदिर समिति ने ऑफलाइन परमिट की पुरानी व्यवस्था को पूरी तरह बंद कर दिया है। अब आरती में शामिल होने के लिए ऑनलाइन बुकिंग कराना अनिवार्य है और आरती की बुकिंग फीस 200 रुपये प्रति व्यक्ति है। बता दें एक मोबाइल नंबर से 3 महीने में केवल एक ही बार बुकिंग हो सकती है। भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग के लिए महाकालेश्वर मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
यह भी पढ़ें:
अगस्त में कब मनाई जाएगी सावन शिवरात्रि, नोट कर लें सही डेट और जल चढ़ाने का शुभ मुहूर्त