Mohini Ekadashi: एकादशी तिथि को हिंदू धर्म में बहुत पुण्य फलदायी माना जाता है। साल में 24 एकादशी तिथियां होती हैं और सबको अलग-अलग नामों से जाना जाता है। वैशाख शुक्ल पक्ष की एकादशी को मोहिनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। प्रत्येक एकादशी को भगवान विष्णु के निमित्त व्रत रखने की परंपरा है। वहीं मोहिनी एकादशी के दिन व्रत रखने से व्यक्ति को समस्त मोह बंधनों से मुक्ति मिलती है और वह जीवन में एक के बाद एक तरक्की करता चला जाता है।
कहते हैं समुद्र मंथन के बाद जब देव-दानवों में अमृत से भरा कलश पाने के लिये विवाद हो गया था, तब वैशाख शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु ने मोहिनी नामक स्त्री का रूप धारण करके दानवों को मोहित कर लिया था और उनसे अमृत भरा कलश लेकर देवताओं के हवाले कर दिया था, जिसे पीकर सभी देवता अमर हो गये और तभी से वैशाख शुक्ल पक्ष की एकादशी को मोहिनी एकादशी के नाम से जाना जाने लगा है। लिहाजा आज मोहिनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु के निमित्त व्रत रखने के साथ ही कुछ खास उपाय करने से आप किसी को भी आकर्षित कर सकते हैं, साथ ही प्रेम और वैवाहिक जीवन में भी खुशहाली पा सकते हैं। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में।
- अपने जीवनसाथी के साथ रिश्ते में मजबूती लाने के लिये आज के दिन भगवान श्री विष्णु की विधि-पूर्वक पूजा करने के बाद श्री विष्णु गायत्री मंत्र का जप करें। श्री विष्णु गायत्री मंत्र इस प्रकार है- 'ऊँ नारायणाय विद्महे वासुदेवाय धीमहि तन्नो विष्णु प्रचोदयात्।।' आज इस मंत्र का 11 बार जप करने से जीवनसाथी के साथ आपके रिश्ते में मजबूती आयेगी।
- अगर आप किसी को पसंद करते हैं और उसे अपनी तरफ आकर्षित करना चाहते हैं, तो आज के दिन मिट्टी का एक कलश लें और उस कलश के मुंह पर एक लाल रंग का कपड़ा बांध दें। अब उस कलश की पहले रोली, चावल से पूजा करें। फिर कलश पर उस व्यक्ति की तस्वीर बनाएं, जिससे आप प्यार करते हैं और कलश को देखते हुए 5 बार उस व्यक्ति का नाम अपने मन में लें। फिर विष्णु मन्दिर में जाकर वह कलश रख आयें। आज ये उपाय करने से आप जिससे भी प्यार करते हैं, वह खुद-ब-खुद आपकी तरफ आकर्षित हो जाएगा।
- अपने दाम्पत्य जीवन में मधुरता लाने के लिये आज के दिन स्नान आदि से निवृत्त होकर भगवान विष्णु की विधि-पूर्वक पूजा करें। उसके बाद केले के वृक्ष की जड़ में पानी डालें और अपने सुखी दाम्पत्य जीवन के लिये कुछ देर शांत मन से केले के वृक्ष में भगवान का ध्यान करें। आज के दिन ऐसा करने से आपके दाम्पत्य जीवन में मधुरता आयेगी।
- अगर वैवाहिक जीवन में आप सुख-सौभाग्य पाना चाहते हैं, तो आज के दिन आपको सौभाग्य बीसा यंत्र से जुड़ा उपाय करना चाहिए। इसके लिये एक सौभाग्य बीसा यंत्र लाकर, उसकी विधि-पूर्वक पूजा करके अपने घर में स्थापित करें। आप चाहें तो खुद भी इस यंत्र का निर्माण कर सकते हैं । इसके लिये एक भोजपत्र पर अष्टगंध से अनार की कलम द्वारा या ये सब न हो तो एक सफेद कोरे कागज पर लाल पेन से एक वर्गाकार आकृति बनाइये । अब उस आकृति में तीन कॉलम बनाइये और हर कॉलम में तीन खाने बनाइये। अब पहले कॉलम में बायीं से दायीं तरफ क्रम से 8, 9 और 3 लिखिये। फिर दूसरे कॉलम में बायीं से दायीं तरफ क्रम से 2, 7 और 11 लिखिये। फिर तीसरे कॉलम में भी इसी तरह 10, 4 और 6 लिखिये। इस तरह आपका यंत्र तैयार हो जायेगा। अब आप उस यंत्र की विधि-पूर्वक पूजा कीजिये और उसे घर में उचित स्थान पर स्थापित कीजिये। चाहें तो घर के मन्दिर में ही रख दीजिये। आज के दिन ऐसा करने से आपके वैवाहिक जीवन में सुख-सौभाग्य बना रहेगा।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7:30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें-
गुरु की अतिचारी गति और शनि के वक्री होने से बिगड़ेंगे हालात, देश-दुनिया में दिखेंगे ये अशुभ असर