1. Hindi News
  2. धर्म
  3. शनि देव की कृपा से 17 तारीख को जन्मे लोग छूते हैं सफलता की बुलंदियां, जानें इनकी 5 बड़ी खूबियां

शनि देव की कृपा से 17 तारीख को जन्मे लोग छूते हैं सफलता की बुलंदियां, जानें इनकी 5 बड़ी खूबियां

 Written By: Laveena Sharma
 Published : Sep 17, 2026 03:22 pm IST,  Updated : Sep 17, 2026 03:24 pm IST

अंकज्योतिष अनुसार 17 तारीख में जन्मे लोगों का मूलांक 8 होता है और इस मूलांक के स्वामी शनि देव माने जाते हैं। इस वजह से इस मूलांक वालों पर शनि की खास कृपा बरसती है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्म तारीख भी 17 ही है।

shani dev- India TV Hindi
17 तारीख में जन्मे लोगों पर शनि रहते हैं मेहरबान Image Source : PTI AND CANVA

आज 17 सितंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। अंकशास्त्र अनुसार पीएम मोदी पर शनि देव की खास कृपा है क्योंकि उनका जन्म मूलांक 8 है। बता दें किसी भी महीने की 8, 17 और 26 तारीख में जन्मे लोगों का मूलांक 8 होता है। ज्योतिष अनुसार इस मूलांक के लोग बेहद गंभीर स्वभाव के, मेहनती और न्याय प्रिय होते हैं। ये लोग अपने जीवन में संघर्षों को पार करते हुए असाधारण सफलता प्राप्त करते हैं। आइए जानते हैं इस तारीख को जन्मे लोगों की 5 बड़ी खूबियां, जिसकी वजह से ये सफलता की बुलंदियां छूते हैं और समाज में अपनी अलग पहचान बनाते हैं।

मजबूत नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता

17 तारीख को जन्में लोगों में नेतृत्व करने का गुण जन्म से ही होता है और इसी कारण ये लोग एक अच्छे लीडर साबित होते हैं। इसके अलावा शनि इन्हें दूरदर्शी बनाते हैं। जिस कारण से ये भविष्य की बातों को पहले से भांपने या किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।

मेहनती और अनुशासन प्रिय

शनि परिश्रम और अनुशासन के देवता हैं, इसीलिए 17 तारीख को जन्मे लोग जन्म से ही मेहनती स्वभाव के होते हैं। इसके साथ ही ये लोग अनुशासित जीवन जीना पसंद करते हैं और जब तक अपने लक्ष्य को नहीं पा लेते तब तक निरंतर काम करते रहते हैं।

अटूट इच्छाशक्ति

17 तारीख को जन्मे लोगों के जीवन में भले ही कितनी ही चुनौतियां क्यों न आ जाएं लेकिन ये उससे घबराते नहीं हैं, बल्कि हर एक चुनौती का डटकर सामना करते हुए जीत हासिल करके ही दम लेते हैं। इनकी इच्छाशक्ति काफी मजबूत होती है, ये जो ठान लेते हैं उसे पूरा करके ही दम लेते हैं। 

जनसेवा की भावना

शनि देव न्याय और आम जनता के प्रतिनिधि हैं। यही कारण है कि 17 तारीख या मूलांक 8 में जन्मे लोगों का आम जनता से खास जुड़ाव होता है। ये अपनी लाइफ में कुछ न कुछ ऐसा करते हैं जिसमें समाज का भला करने की भावना छिपी होती है। 

मजबूत निर्णय शक्ति

17 तारीख में जन्मे लोग निर्णय लेने में भी माहिर माने जाते हैं। ये कोई भी फैसला भावनाओं में आकर नहीं बल्कि सोच समझकर लेते हैं। यही कारण है कि इनके द्वारा लिए हुए फैसले अक्सर सही साबित होते हैं। ये किसी भी काम को करने से पहले उसकी प्लानिंग करते हैं, जिससे इनके फैसले लंबे समय में सही साबित होते हैं।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

यह भी पढ़ें:

क्या उंगलियों को मिलाने के बाद भी नजर आता है गैप? हस्तरेखा शास्त्र से जानें क्या होता है इसका मतलब

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।