Sunday Remedies: रविवार 26 अप्रैल के दिन वैशाख शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि और रविवार का दिन है। दशमी तिथि आज शाम 6 बजकर 8 मिनट तक रहेगी। आज रात 10 बजकर 28 मिनट तक वृद्धि योग रहेगा। साथ ही आज रात 8 बजकर 27 मिनट तक मघा नक्षत्र रहेगा। मघा केतु का नक्षत्र है इसलिए आज के दिन किए गए कुछ उपाय केतु के अच्छे फल भी आपको दिला सकते हैं। आइए जानते हैं इन उपायों के बारे में।
रविवार को मघा नक्षत्र और वृद्धि योग में ये कार्य करना शुभ
- अगर आपके घर में हमेशा किसी न किसी चीज़ का अभाव बना रहता है, तो रविवार के दिन अपने घर के आसपास किसी मंदिर में जाकर गाय के घी का दीपक जलाएं और हाथ जोड़कर भगवान से प्रार्थना करें। ऐसा करने से आपके घर में कभी किसी चीज का अभाव नहीं रहेगा।
- अगर आप अपने जोड़ों के दर्द की समस्या से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो रविवार के दिन आपको केतु का उपाय करना चाहिए। आज के दिन आपको केतु यंत्र की स्थापना करके उसकी उचित प्रकार से पूजा करनी चाहिए और उस पर केतु के मंत्र का जप करना चाहिए। केतु का मंत्र इस प्रकार है - 'ॐ स्रां स्रीं स्रौं स: केतवे नम:' आप इस मंत्र का जितना ज्यादा जप करेंगे, आपका यंत्र उतना ही प्रभावशाली होगा, लेकिन ध्यान रहे जप शुरू करने से पहले ही आपको जितना जप करना है, उसका संकल्प ले लें। इस प्रकार जप करने के बाद घर में उचित स्थान पर यंत्र की स्थापना कर लें। ऐसा करने से आपको जोड़ों के दर्द की समस्या से जल्द ही छुटकारा मिलेगा और आपका स्वास्थ्य बेहतर बना रहेगा।
- अगर आप अपनी संतान के भविष्य को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं या आप चाहते हैं कि उसे जीवन में एक बेहतर मार्ग मिल सके,तो रविवार के दिन अपनी संतान के हाथों से किसी जरूरतमंद को काले कंबल का दान करवाएं। ऐसा करने से आपकी संतान को जीवन में एक बेहतर मार्ग मिलेगा और उसके भविष्य को लेकर आपकी सारी चिंताएं दूर होगी।
- अगर आप कुछ दिनों से कमर दर्द की समस्या से परेशान है, तो रविवार के दिन मंदिर में काले तिल का दान करें। साथ ही बरगद के पेड़ की रोली,चावल से पूजा करें। ऐसा करने से आपको कमर दर्द की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
- अगर आपके दाम्पत्य जीवन से खुशियां कहीं गुम हो गई हैं, तो उन खुशियों को जीवन में फिर से वापस लाने के लिये रविवार के दिन रात को सोते समय दो कपूर की टिकिया और थोड़ी-सी रोली लेकर अपने सिरहाने के पास रख लें। अगले दिन सुबह उठकर कपूर की टिकिया को घर के बाहर जला दें और रोली को एक पानी भरे गिलास या लोटे में डालकर सूर्य भगवान को अर्पित कर दें। ऐसा करने से आपके दाम्पत्य जीवन में फिर से खुशियां आयेंगी।
- अगर आप लेखन कार्य में विशेष लाभ पाना चाहते हैं, तो रविवार के दिन किसी ब्राह्मण को उनकी जरूरत की कोई चीज दान करें। साथ ही केतु के मंत्र का 21 बार जप करें। मंत्र है -ॐ स्रां स्रीं स्रौं स: केतवे नम:। ऐसा करने से आपको लेखन कार्य में विशेष लाभ मिलेगा।
- अगर आप अपने वैवाहिक जीवन को सुखमय बनाना चाहते हैं, तो रविवार के दिन मंदिर में तिल की बर्फी दान करें। ऐसा करने से आपका वैवाहिक जीवन सुखमय बना रहेगा।
- अगर आप अपने शत्रुओं पर विजय पाना चाहते हैं, तो रविवार के दिन मंदिर में केले का फलदान करें। ऐसा करने से आप अपने शत्रुओं पर विजय पाने में सफल होंगे।
- अगर आपके किसी महत्वपूर्ण कार्य के प्रारम्भ में ही बहुत-सी रूकावटें आ रही हैं, तो रविवार के दिन केले के पत्ते पर एक मुट्ठी चावल रखकर मंदिर में दान कर दें। ऐसा करने से आपके काम बिना किसी रुकावट के पूरे होंगे।
- अगर आप अपनी योग्यता और ज्ञान से सब कुछ हासिल कर लेना चाहते हैं, तो रविवार के दिन बरगद के पेड़ के पास जाकर धूप दिखाएं। साथ ही उसके तने को छूकर नमस्कार करें। ऐसा करने से आप अपनी योग्यता और ज्ञान से सब कुछ हासिल करने में सक्षम होंगे।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)