मंगलवार के दिन हनुमान जी की पूजा के साथ ही कई अन्य उपाय करने से भी आपको लाभ होता है। आपको बता दें कि 1 जुलाई को को मंगलवार के दिन सुबह 8 बजकर 54 मिनट तक पूर्वाफाल्गुनी नक्षत्र रहेगा और उसके बाद उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र लग जाएगा। उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र के दौरान में कई तरह के उपाय आप कर सकते हैं। आइए अब जान लेते हैं मंगलवार के दिन किए जाने वाले इन विशेष उपायों के बारे में।
मंगलवार के उपाय
- जो लोग अपने किसी विशेष कार्य में सफलता हासिल करना चाहते हैं, वो किसी जरूरतमंद को तांबा, गुड़, गेहूं या मसूर की दाल का दान करने के साथ-साथ आज पूरा दिन अपने सिर पर सफेद रंग की टोपी या पगड़ी भी बांधकर रखें। मंगलवार के दिन ऐसा करने से आपको अपने कार्यों में सफलता अवश्य मिलेगी।
- जो लोग अपने हेल्थ इश्यूज़ से छुटकारा पाना चाहते हैं, वो आज के दिन मन्दिर में सवा किलो अन्न के साथ-साथ थोड़ा सफ़ेद नमक भी दान करें। मंगलवार के दिन ऐसा करने से आपके हेल्थ इश्यूज़ जल्द ही दूर होंगे और आप बेहतर ढंग से अपने काम पूरे कर पायेंगे।
- जो लोग अपनी जीवनशैली में सुधार करना चाहते हैं, वो आज उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र के दौरान विशेष तौर पर किसी लाल फूल वाले पौधे में ही जल चढ़ाएं और सूर्य देव को हाथ जोड़कर प्रणाम करें। मंगलवार के दिन ऐसा करने से आपकी जीवनशैली में सुधार आयेगा और आपको कभी किसी चीज़ की कमी महसूस नहीं होगी।
- अगर आपके दाम्पत्य जीवन से खुशियाँ कहीं गुम हो गई हैं, तो उन खुशियों को जीवन में फिर से वापस लाने के लिये मंगलवार के दिन रात को सोते समय दो कपूर की टिकिया और थोड़ी-सी रोली लेकर अपने सिरहाने के पास रख लें। अगले दिन सुबह उठकर कपूर की टिकिया को घर के बाहर जला दें और रोली को एक पानी भरे गिलास या लोटे में डालकर सूर्य भगवान को अर्पित कर दें। मंगलवार के दिन ऐसा करने से आपके दाम्पत्य जीवन में फिर से खुशियाँ आयेंगी।
- अगर आप अपने आर्थिक पक्ष को मजबूत करना चाहते हैं, तो मंगलवार के दिन तांबे के लोटे में जल के साथ ही लाल फूल और थोड़े-से गेहूं के दाने डालकर सूर्य भगवान को अर्पित करें। मंगलवार के दिन ऐसा करने से आपका आर्थिक पक्ष बहुत मजबूत होगा।
- अगर आप समाज में अपना मान-सम्मान बढ़ाना चाहते हैं, तो मंगलवार के दिन शिलाजीत सामने रखकर चौबीस बार गायत्री मंत्र का जाप करें। मंत्र इस प्रकार है- ॐ भूर्भुव स्वः तत् सवितुर्वरेण्यं भर्गो देवस्य धीमहि धियो यो नः प्रचोदयात्॥ इस प्रकार गायत्री मंत्र का जाप करने के बाद शिलाजीत को लेकर 42 दिनों में थोड़ा-थोड़ा करके उसका सेवन करें। मंगलवार के दिन ऐसा करने से समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा, आपकी ख्याति दूर-दूर तक फैलेगी।
- अगर आप अपने बिजनेस पार्टनर के साथ साझेदारी को सफल बनाना चाहते हैं, तो मंगलवार के दिन गाय को बाजरे की रोटी खिलाने के बाद किसी ब्राह्मण को सवा किलो गेहूं का दान करें। मंगलवार के दिन ऐसा करने से बिजनेस पार्टनर के साथ आपकी साझेदारी सफल होगी।
- अगर आपको कई कोशिशों के बाद भी नौकरी में प्रमोशन नहीं मिल पा रहा है, तो मंगलवार के दिन बहते जल में लाल चंदन और एक लाल फूल प्रवाहित करने के साथ ही अपने मस्तक पर लाल चंदन का तिलक भी लगाएं। मंगलवार के दिन ऐसा करने से जल्द ही आपको नौकरी में प्रमोशन मिलेगा।
- अगर आप कर्ज के बोझ से परेशान हैं और आपसे कर्ज चुकाए नहीं चुक रहा है तो मंगलवार के दिन आपको स्नान आदि के बाद साफ कपड़े पहनने चाहिए। फिर घर में किसी उचित स्थान पर आसन बिछाइए और उस पर दक्षिण दिशा की ओर मुख करके बैठ जाइये। आसन पर बैठने के बाद श्री हनुमान का ध्यान करते हुए ऋणमोचक मंगल स्तोत्र का पाठ करें। इसके अलावा अगर आप आज मंगलवार के दिन अपने कर्ज की एक किश्त या एक रुपया भी लेनदार को चुकायेंगे तो आपका बाकी का कर्जा भी जल्द ही उतर जायेगा। मंगलवार को ऐसा करने से आपको कर्ज से छुटकारा मिलेगा।
- अगर आपके दाम्पत्य रिश्ते के मध्य ऊष्मा पहले की अपेक्षा कम हो गई है और आप फिर से अपने रिश्ते में एक नई ऊष्मा भरना चाहते हैं तो मंगलवार के दिन स्नान आदि के बाद एक मिट्टी का दीपक लेकर, उसमें चमेली का तेल भरिये औरएक लाल रंग की पड़ी हुई बत्ती लगाइए। अब उस दीपक को हनुमान जी के मन्दिर ले जाकर जलाइए। अगर घर से बाहर मन्दिर में नहीं जा सकते तो घर में ही हनुमान जी की तस्वीर के आगे वो दीपक जलाइए। भगवान के आगे दीपक जलाते समय अगर दोनों दम्पत्ति मौजूद हो तो और भी श्रेष्ठ है वरना स्वयं ही दीपक जला दें। इसके साथ ही दीपक जलाने के बाद हनुमान चालीसा का पाठ भी करें। मंगलवार को ऐसा करने से आपके दाम्पत्य रिश्ते में एक नई ऊर्जा का संचार होगा।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें:
Vastu Tips: घर की इस दिशा में चाबी रखने से चमकता है भाग्य, घर में आती है सुख-समृद्धि