21 अगस्त को शनि-शुक्र का समसप्तक योग बन रहा है यानी इस दिन दोनों ग्रह एक-दूसरे को 7वीं पूर्ण दृष्टि से देखेंगे। ज्योतिष में शुक्र को सौंदर्य, सुख, प्रेम, विवाह और आर्थिक स्थिति का कारक माना जाता है, जबकि शनि को अनुशासन, धैर्य, संघर्ष और कर्म का कारक माना जाता है। ऐसे में जब ये दोनों ग्रह आमने-सामने होते हैं, तो व्यक्ति के रिश्तों, मानसिक स्थिति और आर्थिक स्थिति पर गहरा असर पड़ता है। जानिए इस दृष्टि संबंध का किन 5 राशियों पर प्रभाव पड़ेगा और इन्हें क्या फल मिलेगा।
इन 5 राशियों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा प्रभाव
- कन्या राशि (Virgo) - शुक्र आपकी ही राशि में बैठे हैं और शनि की सीधी दृष्टि आप पर है। ऐसे में आपको इस दौरान स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे। मानसिक उलझन ज्यादा रहेगी और स्वभाव में चिड़चिड़ापन आ सकता है। लेकिन अच्छी बात ये है कि इस दौरान आपको करियर में अच्छी ग्रोथ देखने को मिलेगी। आपको अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा और आपकी निर्णय क्षमता काफी मजबूत होगी।
- मीन राशि (Pisces) - शनि मीन राशि में ही विराजमान हैं और शुक्र की आप पर सातवीं दृष्टि पड़ेगी। इससे आपके अपने जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर के साथ कुछ मतभेद हो सकते हैं। काम में रुकावटें भी देखने को मिल सकती हैं। लेकिन सकारात्मक चीज ये है कि आपके बिजनेस में विस्तार होगा और विदेशी संबंधों से आप अच्छा लाभ कमाने में सफल रहेंगे।
- वृषभ राशि (Taurus) - शुक्र आपकी राशि के स्वामी हैं और वो इस समय नीच राशि में होकर शनि की सीधी दृष्टि में हैं, जिससे इस दौरान आपके खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा आपका बजट बिगड़ सकता है। हालांकि कलात्मक और रचनात्मक कार्यों से जुड़े लोगों को अच्छा फायदा मिलेगा और इस अवधि में धन का लाभ भी हो सकता है।
- मकर राशि (Capricorn) - शनि आपकी राशि के स्वामी हैं। शनि और शुक्र के बीच बनने वाला समसप्तक योग आपके प्रेम जीवन में तनाव पैदा कर सकता है। लेकिन आर्थिक मामलों में सफलता मिलेगी और लंबे समय से रुका हुआ काम बनना शुरू हो जाएगा।
- कुंभ राशि (Aquarius) - कुंभ शनि की स्वयं की राशि है। ऐसे में 21 अगस्त को बनने वाले समसप्तक योग आपकी राशि को धन से जुड़े मामलों में लाभ पहुंचा सकता है। लेकिन प्रेम जीवन में सतर्कता बरतनी होगी।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें: