1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Shukra Gochar: 4 दिन बाद शुक्र स्वराशि में करेंगे गोचर, जानें सभी 12 राशियों पर क्या होगा इसका असर

Shukra Gochar: 4 दिन बाद शुक्र स्वराशि में करेंगे गोचर, जानें सभी 12 राशियों पर क्या होगा इसका असर

 Written By: Naveen Khantwal
 Published : Jun 25, 2025 12:03 pm IST,  Updated : Jun 25, 2025 12:03 pm IST

Shukra Gochar: शुक्र ग्रह 29 जून को स्वराशि वृषभ में गोचर कर जाएंगे। इस गोचर के चलते सभी राशियों के जीवन पर कुछ न कुछ प्रभाव देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।

Shukra Gochar - India TV Hindi
शुक्र गोचर Image Source : FILE IMAGE

Shukra Gochar: शुक्र ग्रह 29 जून को दोपहर 2 बजकर 8 मिनट पर वृष राशि में प्रवेश करेंगे और 26 जुलाई की सुबह 8 बजकर 56 मिनट तक वृष राशि में ही गोचर करते रहेंगे। इसके बाद मिथुन राशि में प्रवेश कर जायेंगे। शुक्र वृष और तुला राशि के स्वामी हैं। शुक्र के इस गोचर का प्रभाव सबसे अधिक वृष राशि वालों पर पड़ेगा। बाकी अन्य राशियों पर इसका क्या असर होगा, शुक्र उनके किस स्थान पर गोचर करेंगे और उस स्थिति में विभिन्न राशि वालों को क्या उपाय करने चाहिए, आइए जानते हैं इसके बारे में। 

मेष राशि

शुक्र आपके दूसरे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के दूसरे स्थान का सम्बन्ध हमारे धन तथा स्वभाव से होता है। शुक्र के इस गोचर से आपकी आर्थिक स्थिति पहले से अच्छी होगी। आपको सांसारिक सुखों की प्राप्ति होगी। साथ ही 26 जुलाई तक पशुपालन और कच्ची मिट्टी के काम से जुड़े लोगों को दुगना फायदा मिलेगा, लेकिन इस दौरान आपको अपने शत्रुओं से थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है। साथ ही इस दौरान आपकी संतान और भाइयों की तरक्की इस बात पर डिपेंड करेगी कि आप अपने गुरु का कितना सम्मान करते हैं। लिहाजा शुक्र के अशुभ फलों से बचने के लिये और शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये-दो सौ ग्राम गाय का घी मन्दिर में दान करें या फिर 2 किलो आलू हल्दी से पीले करके गाय को खिलाएं।

वृष राशि

शुक्र आपके पहले स्थान पर, यानि लग्न स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के पहले स्थान का सम्बन्ध हमारे मुख तथा शरीर से होता है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से आपके द्वारा कही गयी बात को माना जायेगा। इस दौरान आप अपने आस-पास की सफाई करेंगे। आपको संतान का सुख भी मिलेगा। अगर आपका विवाह अभी तक नहीं हुआ है तो जल्द ही आपके लिये विवाह के प्रस्ताव आयेंगे। आपको धन, वाहन आदि सबका सुख मिलेगा। लिहाजा शुक्र की शुभ स्थिति सुनिश्चित करने के लिये- सतनाज, यानि सात अलग-अलग अनाजों का दान करें, जीवनसाथी की सेहत अच्छी रहेगी। 

मिथुन राशि

शुक्र आपके बारहवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के बारहवें स्थान का सम्बन्ध हमारे व्यय तथा शैय्या सुख से होता है। शुक्र के इस गोचर से कविता लेखन में आपकी रुचि बढ़ेगी। आपको परिवार और संतान का सुख मिलेगा। साथ ही रातों को आराम मिलेगा और धन की प्राप्ति होगी, लेकिन 26 जुलाई तक किसी और से मदद की अपेक्षा न रखें और अपनी सेहत का ख्याल रखें। अतः शुक्र की शुभ स्थिति सुनिश्चित करने के लिये- घर की महिला अपने हाथों से विराने में घर की धूल दबाएं।

कर्क राशि

शुक्र आपके ग्यारहवें स्थान पर गोचर करेगा। जन्मपत्रिका के ग्यारहवें स्थान का सम्बन्ध हमारे आय तथा कामना पूर्ति से है। शुक्र के इस गोचर से 26 जुलाई तक आपकी कोई मन की इच्छा पूरी हो सकती हैं। आपको बचपन की कोई बात याद आ सकती है। साथ ही इस दौरान आप दूसरों से छिपाकर काम करने की कोशिश करेंगे। हालांकि इस बीच आपको धन लाभ भी होगा और आपके चेहरे पर एक अलग तेज नजर आयेगा। लिहाजा शुक्र की शुभ स्थिति सुनिश्चित करने के लिये- मन्दिर में इत्र की शीशी भेंट करें। साथ ही रुमाल में हल्की- सी परफ्यूम की खुशबू लगाकर अपने पास रखें।

सिंह राशि

शुक्र आपके दसवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के दसवें स्थान का सम्बन्ध हमारे राज्य करियर तथा पिता से होता है। शुक्र के इस गोचर से 26 जुलाई तक आपका समय बहुत अच्छा बीतेगा। इस दौरान किसी प्रशासनिक कार्य में आपको सफलता मिलेगी। पिता से आपके रिश्ते और बेहतर बनेगें। पैसों के प्रति आपका आकर्षण बढ़ेगा। इस बीच आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य भी बेहतर होगा। लिहाजा शुक्र की शुभ स्थिति सुनिश्चित करने के लिये- मन्दिर में दही का दान करें और साथ ही संभव हो तो दही या दही से बनी चीज़ें खाएं।

कन्या राशि

शुक्र आपके नवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के नौवें स्थान का सम्बन्ध हमारे भाग्य से है। शुक्र आपका भाग्येश है और भाग्येश अपनी ही राशि में गोचर करे, इससे अच्छा क्या हो सकता है। शुक्र के इस गोचर से किस्मत आपका पूरा साथ देगी। आपके मनचाहे कार्य पूरे होंगे और 26 जुलाई तक आपको पैसों की तंगी नहीं होगी, लेकिन मेहनत जारी रखें और व्यर्थ के कामों में पैसे खर्च करने से बचें। इस दौरान किसी तीर्थ स्थल पर जाना आपके लिये शुभ फलदायी होगा। लिहाजा शुक्र के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये- काली या लाल गाय की सेवा करें। 

तुला राशि

शुक्र आपके आठवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के आठवें स्थान का सम्बन्ध हमारी आयु से होता है। शुक्र के इस गोचर से आप दूसरों से कही अपनी बात का मान रखेंगे और अपना वायदा पूरा करेंगे, लेकिन इस दौरान तक इस बात का ध्यान रखें कि किसी से कोई भी चीज़ उधार ना लें। साथ ही इस बीच अपने जीवनसाथी की सेहत का ख्याल रखें। अतः शुक्र की अशुभ स्थिति से बचने के लिये और शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये- प्रतिदिन मंदिर में सिर झुकाएं और ज्वार का दान करें। 

वृश्चिक राशि

शुक्र आपके सातवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के सातवें स्थान का सम्बन्ध हमारे जीवनसाथी से होता है। शुक्र के इस गोचर के प्रभाव से कार्यों आपको जीवनसाथी का पूर्ण सहयोग मिलेगा। लेकिन इस दौरान आपको अपने जीवनसाथी से प्रेम बनाए रखने और अपनी संतान की पढ़ाई का ख्याल रखने की जरूरत है। 26 जुलाई तक आपको कई महत्वपूर्ण यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। लिहाजा शुक्र की अशुभ स्थिति से बचने के लिये- 26 जुलाई तक गन्दे नाले में एक नीला फूल डालें। 

धनु राशि

शुक्र आपके छठे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के छठे स्थान का सम्बन्ध हमारे स्वास्थ्य, शत्रु तथा मित्र से होता है। शुक्र के इस गोचर से आपको धन लाभ होगा। आपकी सांसारिक स्थिति अच्छी रहेगी और आपके भाईयों की तरक्की होगी। साथ ही आपको 26 जुलाई तक अपने मित्रों से हर प्रकार का सहयोग मिलेगा और इस बीच आपके कुछ महत्वपूर्ण नये दोस्त भी बनेंगे। शत्रु पक्ष आपसे दूरी बनाकर रहेगा। इस दौरान आप अपने पौरुष और स्वास्थ्य को बेहतर करने का इन्तजाम करेंगे। लिहाजा शुक्र के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये- घर की महिला अपने बालों में सोने या गोल्डन कलर का हेयर क्लिप लगाकर रखें। 

मकर राशि

शुक्र आपके पांचवें स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के पांचवें स्थान का सम्बन्ध हमारे संतान, बुद्धि, विद्या तथा रोमांस से होता है। शुक्र के इस गोचर से धर्म के प्रति आपकी आस्था बढ़ेगी और परिवार के प्रति लगाव बढ़ेगा, लेकिन प्यार के प्रति अधिक दिवानापन आपके भाग्य की हानि करायेगा। साथ ही 26 जुलाई तक आपको सन्तान से अधिक सुख की आशा नहीं रखनी चाहिए और अपने सौंदर्य प्रसाधनों को इस दौरान संभालकर रखने की आवश्यकता है। लिहाजा शुक्र के अशुभ फलों से बचने के लिये- मन्दिर या धर्मस्थल पर दूध का दान करें। 

कुंभ राशि

शुक्र आपके चौथे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के चौथे स्थान का सम्बन्ध हमारे माता, भूमि, भवन तथा वाहन से होता है। शुक्र का यह गोचर आपको भूमि, भवन और वाहन का सुख देगा। आपको आर्थिक तंगी से मुक्ति मिलेगी और मस्तमौला लोगों से आपकी दोस्ती बढ़ेगी। लिहाजा शुक्र की शुभ स्थिति को बनाये रखने के लिये- 26 जुलाई तक प्रतिदिन कुएं में एक चुटकी हल्दी डालें। 

मीन राशि

शुक्र आपके तीसरे स्थान पर गोचर करेंगे। जन्मपत्रिका के तीसरे स्थान का सम्बन्ध हमारे पराक्रम, भाई-बहन तथा यश से होता है। शुक्र के इस गोचर से कार्यों में आपको भाई-बहनों का भरपूर सहयोग प्राप्त होगा। यहां एक बात पर गौर करना चाहिए कि मेहनत जारी रखने से ही काम पूर्ण रूप से बनेंगे। इस दौरान आपका मन प्रसन्न रहेगा और आप कुछ नया सोच पायेंगे। लिहाजा शुक्र के शुभ फल सुनिश्चित करने के लिये- प्रत्येक स्त्री का सम्मान करें और देर रात तक जागने से बचें।

Ashadha Amavasya Shubh Yog: आषाढ़ अमावस्या पर बने हैं कई शुभ योग, इन 3 राशियों के लिए खुलेंगे उन्नति के द्वार

जगन्नाथ रथ यात्रा की रस्सी को छुए बिना लौट आए घर, तो जीवन में नहीं मिलेंगी ये चीजें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।