1. Hindi News
  2. धर्म
  3. Tulsi Vastu Tips: घर की इस दिशा में तुलसी का पौधा लगाने से बचें, वरना बढ़ सकती हैं आर्थिक परेशानियां

Tulsi Vastu Tips: घर की इस दिशा में तुलसी का पौधा लगाने से बचें, वरना बढ़ सकती हैं आर्थिक परेशानियां

 Written By: Arti Azad @Azadkeekalamse
 Published : Mar 11, 2026 05:39 pm IST,  Updated : Mar 11, 2026 08:04 pm IST

Tulsi Vastu Tips: तुलसी का पौधा सुख-शांति और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। वास्तु के मुताबिक, इसे गलत दिशा में लगाया जाए तो इसके विपरीत परिणाम मिल सकते हैं। कुछ दिशा-स्थान पर तुलसी लगाने से घर में नकारात्मक ऊर्जा, आर्थिक परेशानियां और पारिवारिक कलह बढ़ने की आशंका बताई जाती है।

तुलसी का पौधा किस दिशा में लगाएं- India TV Hindi
तुलसी का पौधा किस दिशा में लगाएं Image Source : UNSPLASH

Tulsi Vastu Tips: हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बेहद पवित्र और शुभ माना जाता है। ग्रंथों में तुलसी को देवी लक्ष्मी का अवतार बताया गया है। यह भी माना जाता है कि तुलसी भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। जिस घर में तुलसी पौधा होता है वहां सकारात्मक ऊर्जा, सुख और समृद्धि का वास माना जाता है। इसे घर की पवित्रता का प्रतीक मानते हैं। यही वजह है कि अधिकतर घरों में तुलसी का पौधा लगाया जाता है और उसकी नियमित पूजा की जाती है। लेकिन वास्तु के अनुसार यह पौधा तभी शुभ फल देता है जब उसे सही दिशा और सही स्थान पर लगाया जाए।

दक्षिण दिशा में न लगाएं तुलसी

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर की दक्षिण दिशा में तुलसी का पौधा लगाना शुभ नहीं माना जाता। मान्यता है कि यह दिशा पूर्वजों और विशेष देव शक्तियों से जुड़ी होती है। ऐसे में इस दिशा में तुलसी लगाने से परिवार में कलह, आर्थिक नुकसान और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं।

ये दिशा भी मानी जाती है अशुभ

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दक्षिण पश्चिम दिशा पर राहु का प्रभाव माना जाता है। ऐसे में इस स्थान पर तुलसी का पौधा लगाने से घर की सकारात्मक ऊर्जा कमजोर हो सकती है। साथ ही कामकाज में रुकावट और मानसिक तनाव जैसी स्थितियां भी पैदा हो सकती हैं।

अंधेरी जगह पर न रखें ये पौधा

इस पौधे को धूप और ताजी हवा की जरूरत होती है। इसे ऐसे स्थान पर नहीं रखना चाहिए जहां सूरज की रोशनी न आती हो। अंधेरे कमरे या बंद जगहों में तुलसी रखने से पौधा कमजोर हो सकता है और घर के वातावरण पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।

गणेश जी के पास न रखें तुलसी

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान गणेश की पूजा में तुलसी का उपयोग नहीं होता। इसी कारण तुलसी का पौधा बप्पा की मूर्ति के बहुत पास या सामने नहीं रखें। माना जाता है किइससे घर की समृद्धि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

तुलसी के पास साफ-सफाई जरूरी

तुलसी को बेहद पवित्र पौधा माना गया है। इसलिए इसके आसपास हमेशा साफ सफाई बनाए रखें। तुलसी के पास कूड़ा, धूल, जूते चप्पल या झाड़ू जैसी चीजें नहीं रखनी चाहिए। इसके अलावा तुलसी के पास कांटेदार पौधे लगाने से भी बचना चाहिए।

तुलसी रखने की सबसे शुभ दिशा

वास्तु शास्त्र के अनुसार, तुलसी का पौधा घर के उत्तर पूर्व यानी ईशान कोण में लगाना सबसे शुभ होता है। इसके अलावा घर के केंद्र स्थान पर भी तुलसी लगाई जा सकती है। सही दिशा में तुलसी लगाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है और परिवार में सुख शांति बनी रहती है।

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

ये भी पढ़ें: Dakshin Disha Vastu: धन को आकर्षित करती है घर की दक्षिण दिशा, यहां 5 चीजें रखने से तुरंत खींचा चला आएगा पैसा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। धर्म से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।