किसी व्यक्ति के आंख, कान की तरह ही नाक की आकृति के जरिये भी उसके स्वभाव और उसके व्यक्तित्व के बारे में बहुत कुछ पता लगाया जा सकता है। हर किसी व्यक्ति के नाक की अलग-अलग आकृति देखने को मिलती है। जैसे किसी की नाक मोटी होती है, तो किसी की छोटी। किसी की नाक लंबी होती है तो किसी की चपटी। तो आज हम सामुद्रिक शास्त्र में बात करेंगे व्यक्ति नाक के आकार के बारे में।
छोटी नाक वाले लोग
छोटी नाक वाले लोग अधिकतर हंसमुख और मिलनसार प्रवृत्ति के होते हैं। इन्हें कभी-कभी गुस्सा भी आता है, लेकिन सही बात पर ही आता है। हालांकि ये लोग थोड़े अपरिपक्व और जिद्दी किस्म के भी होते हैं। कई बार इनकी जिद्द को समझ पाना और उसे पूरा करना मुश्किल हो जाता है। किसी भी बात पर इनके जल्दी रिएक्ट करने की आदत के चलते दूसरे लोग इनसे दुश्मनी करने से बचते हैं। अतः छोटी नाक वाले लोगों का नसीब बड़ा ही अच्छा होता है। धार्मिक कार्यों में भी इनका विश्वास बना रहता है।
लंबी नाक वाले लोग
जिन लोगों की नाक लंबी होती हैं, वे हर तरह का सुख पाने की इच्छा रखते हैं। ये लोग किसी चीज़ को पाने के लिये कोशिश करें या न करें। लेकिन जो चीज़ें इनकी विश लिस्ट में शामिल होती है, उसे ये किसी भी तरह बस पाना चाहते हैं। ये लोग थोड़े झगड़ालु और क्रोधी स्वभाव के भी होते हैं। अपने क्रोध के कारण ये कभी-कभी मुसीबत में पड़ जाते हैं। हालांकि ये लोग बहुत इंटेलिजेंट होते हैं।
नीचे झुकी हुई नाक वाले लोग
जिन लोगों की नाक का आगे का हिस्सा नीचे की ओर कुछ झुका हुआ होता है। ऐसे लोग बड़े ही धनवान होते हैं। इनके पास धन-दौलत की बिल्कुल भी कमी नहीं होती। हालांकि ये लोग थोड़े मनमौजी भी होते हैं। इन्हें जो काम अच्छा लगता है, पहले उसी को करते हैं। वहीं जिन लोगों की नाक आगे से झुकी होने के साथ कुछ लाल रंग की भी होती है, वे लोग शारीरिक रूप से अपने स्वास्थ्य को लेकर अधिकतर परेशान रहते हैं। इनके दांपत्य जीवन में भी कुछ अनबन बनी रहती है लेकिन अपनी मधुर वाणी के चलते ये लोग जल्द ही सबके चहते बन जाते हैं।
दायीं तरफ झुकी हुई नाक वाले लोग
कई लोगों की नाक बिल्कुल सीधी न होकर बायीं या दायीं तरफ हल्का-सा झुकाव लिये होती हैं। इस कड़ी में आज हम सबसे पहले बात करेंगे दायीं तरफ झुकी हुई नाक वाले लोगों के स्वभाव के बारे में। जिन लोगों की नाक दायीं तरफ, यानि सीधे हाथ की तरफ झुकी होती हैं,वे लोग स्वभाव से थोड़े गुस्सैल होते हैं। इन्हें छोटी-छोटी बातों पर जल्दी ही गुस्सा आ जाता है। ये बाहर से अपने आपको बड़ा ही सख्त और मजबूत दिखाने की कोशिश करते हैं, लेकिन जितना ये दिखाने की कोशिश करते हैं, उतना सख्त और मजबूत ये लोग होते नहीं हैं। वहीं दूसरी ओर जिन लोगों की नाक दायीं तरफ न होकर बायीं तरफ झुकी होती है, वे लोग बड़े ही मिलनसार होते हैं और सबसे हंस-बोल कर चलते हैं। साथ ही अपना माहौल अच्छा रखते हैं।
(आचार्य इंदु प्रकाश देश के जाने-माने ज्योतिषी हैं, जिन्हें वास्तु, सामुद्रिक शास्त्र और ज्योतिष शास्त्र का लंबा अनुभव है। इंडिया टीवी पर आप इन्हें हर सुबह 7.30 बजे भविष्यवाणी में देखते हैं।)
ये भी पढ़ें-