Why Shani Dev and Yamraj Wears Black Clothes: सनातन धर्म में शनि देव और मृत्यु के देवता यमराज को न्याय और कर्मों का फल देने वाला ग्रह माना जाता है। ज्योतिषी भी सलाह देते हैं कि अगर कुंडली में शनि कमजोर हो तो काले या नीले रंग के कपड़ों से दूरी बनाकर रखनी चाहिए। लेकिन इसके पीछे आस्था ही नहीं, प्रतीकात्मक और वैज्ञानिक कारण भी बताए जाते हैं। तो आइए विस्तार से जानते हैं कि शनि कमजोर होने पर काले और नीले रंग से दूर क्यों रहना चाहिए।
न्याय के देवता और काले वस्त्र का संबंध
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस ब्रह्मांड में दो ऐसे देवता माने जाते हैं जो काले वस्त्र धारण करते हैं शनिदेव और यमराज। दोनों सूर्य का पुत्र हैं और इन्हें न्याय करने की जिम्मेदारी मिली है। मान्यता है कि शनिदेव मनुष्य के जीवनकाल में उसके कर्मों का हिसाब रखते हैं, जबकि मृत्यु के बाद यमराज कर्मों के अनुसार फल देते हैं।
न्याय का प्रतीक
काले रंग को कठोरता, गंभीरता और निष्पक्षता का प्रतीक माना जाता है। कहा जाता है कि जिस तरह काले रंग पर कोई दूसरा रंग आसानी से प्रभाव नहीं डाल पाता, उसी तरह न्याय भी बिना किसी पक्षपात के होना चाहिए। यही वजह है कि न्याय से जुड़े पेशों में भी काले रंग को महत्व दिया जाता है।
न्याय व्यवस्था में काले रंग की परंपरा
दुनिया के कई देशों में जज और वकील काले कोट या गाउन पहनते हैं। यह परंपरा निष्पक्ष न्याय और गंभीरता का प्रतीक मानी जाती है। माना जाता है कि यह रंग व्यक्ति को अपने कर्तव्य के प्रति सजग और संतुलित रहने की याद दिलाता है।
साइंस में काले रंग का रहस्य
वैज्ञानिक दृष्टि से भी काले रंग की अपनी खासियत है। जब किसी वस्तु पर प्रकाश पड़ता है तो वह कुछ रंगों को वापस परावर्तित करती है और बाकी को अपने अंदर समा लेती है। लेकिन काला रंग लगभग सभी रंगों को सोख लेता है और वापस नहीं लौटाता। इसी कारण वह गहरा और रहस्यमय दिखाई देता है।
ज्योतिष में काले और नीले रंग का महत्व
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार काला और गहरा नीला रंग शनि ग्रह से जुड़ा माना जाता है। यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में शनि कमजोर या अशुभ स्थिति में हो तो इन रंगों का अत्यधिक प्रयोग करने से बचने की सलाह दी जाती है। ऐसा माना जाता है कि इससे शनि के नकारात्मक प्रभाव बढ़ सकते हैं।
मजबूत शनि वालों के लिए क्यों खास
ज्योतिषियों के अनुसार, जिन लोगों की कुंडली में शनि मजबूत और शुभ होता है, उनके जीवन में काले रंग का विशेष महत्व हो सकता है। ऐसे लोग कानून, प्रशासन या न्याय से जुड़े क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। यही कारण है कि वकीलों और न्यायाधीशों के ड्रेसकोड में काले रंग की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें: मां सरस्वती की मूर्ति कहां रखें? सही दिशा में रखने से आएगी पढ़ाई और करियर में तरक्की, जान लें जरूरी वास्तु नियम