वास्तु शास्त्र ही नहीं बल्कि विज्ञान भी ये मानता है कि गलत दिशा में सिर करके सोने से सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इससे मानसिक तनाव बढ़ता है जिससे नींद आने में परेशानी होती है। वास्तु विज्ञान अनुसार गलत दिशा में रखे गए बेड पर सोने से नकारात्मक ऊर्जा का स्तर काफी ज्यादा बढ़ जाता है। मन में हमेशा बेचैनी बनी रहती है और अजीब सा डर लगा रहता है। इसी कारण से सही दिशा में बेड रखना बेहद जरूरी होता है, जिससे मानसिक तनाव कम हो और नींद अच्छी आए। चलिए आपको बताते हैं वास्तु अनुसार बेड रखने की सही दिशा क्या है।
बेड रखने की सही दिशा
वास्तु शास्त्र के अनुसार, बेडरूम में बेड इस तरह से रखें जिससे सोते समय आपका सिर दक्षिण या फिर पूर्व दिशा की तरफ रहे और पैर उत्तर या पश्चिम दिशा की ओर हों। अगर इस तरीके से कमरे में बेड रखते हैं तो आप देखेंगे कि नींद आने की समस्या से काफी हद तक राहत मिल गई है।
दक्षिण दिशा में सिर करके सोना बेस्ट
वास्तु में दक्षिण दिशा की तरफ सिर करके सोना सर्वोत्तम माना जाता है। विज्ञान अनुसार इस दिशा में सिर करके सोने से शरीर में रक्त का प्रवाह संतुलित रहता है, जिससे गहरी नींद आती है और तनाव दूर होता है।
पूर्व दिशा की तरफ सिर करके सोना भी अच्छा विकल्प
दक्षिण के अलावा पूर्व दिशा की तरफ सिर करके सोना भी उत्तम माना जाता है। कहते हैं इस दिशा में सोने से एकाग्रता और याददाश्त बढ़ती है।
भूलकर भी इन दिशाओं में न रखें बेड
उत्तर दिशा की तरफ भूलकर भी नहीं सोना चाहिए। ये वास्तु अनुसार ही नहीं बल्कि विज्ञान अनुसार भी गलत माना जाता है। वैज्ञानिकों और वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर दिशा में सिर करके सोने से पृथ्वी का उत्तरी ध्रुव और शरीर का चुंबकीय ध्रुव एक-दूसरे को धक्का देते हैं, जिससे दिमाग पर काफी दबाव पड़ता है। इससे नींद न आना, सिरदर्द रहना, बुरे सपने आना और दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। इसके अलावा पश्चिम दिशा की तरफ सिर करके सोना भी अशुभ माना जाता है। इससे व्यक्ति आलस्य व बेचैनी महसूस करता है।
बेडरूम में बेड रखते समय इन बातों का रखें ध्यान
- बेड को कभी भी दरवाजे के ठीक सामने नहीं रखना चाहिए।
- बेड पर दवाई रखकर बिल्कुल भी नहीं सोना चाहिए।
- बेड का सिरहाना दक्षिण या पूर्व की दीवार से सटा होना चाहिए। इसके साथ ही बेड के तीनों ओर थोड़ा स्पेस छोड़ना चाहिए।
- बेड के नीचे कबाड़ बिल्कुल भी नहीं रखना चाहिए, इससे नींद आने में दिक्कत होती है।
- बेड के ठीक सामने शीशा नहीं होना चाहिए।
- कमरे की छत पर बने बीम के ठीक नीचे बेड नहीं होना चाहिए।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
यह भी पढ़ें:
फ्लैट खरीदते समय ध्यान रखें वास्तु शास्त्र के ये जरूरी नियम, घर में बनी रहेगी बरकत और सुख-समृद्धि