भारतीय घरों में रोजमर्रा की कई छोटी-छोटी बातों को लेकर कुछ मान्यताएं पीढ़ियों से चली आ रही हैं। नमक का गिरना भी इन्हीं में से एक है। अक्सर घर के बड़े-बुजुर्ग नमक को फर्श पर गिरने को अशुभ संकेत मानते हैं। लेकिन आखिर नमक गिरने को लेकर ऐसी मान्यता क्यों बनी? इसके पीछे वास्तु और ज्योतिष से जुड़ी कुछ धारणाएं हैं। आइए जानते हैं इन मान्यताओं के पीछे की वजह और अगर गलती से नमक गिर जाए तो क्या करना चाहिए।
नमक को क्यों माना खास
सनातन धर्म की परंपराओं में भी नमक का विशेष महत्व बताया गया है। नमक का इस्तेमाल नजर दोष से जुड़े उपायों में किया जाता है। इसी वजह से नमक को बर्बाद करना या अनजाने में जमीन पर गिराना अच्छा नहीं माना गया। घर के बड़े-बुजुर्ग भी अक्सर नमक को संभालकर रखने की सलाह देते हैं।
इन ग्रहों से है नमक का संबंध
वास्तु और ज्योतिष में नमक का संबंध चंद्रमा और शुक्र ग्रह से बताया जाता है। नमक का सफेद रंग और उसका स्वाद इन ग्रहों की ऊर्जा से जोड़ा जाता है। ऐसी धारणा है कि बार-बार नमक गिरने से घर में मानसिक तनाव, आपसी मतभेद और आर्थिक संकट जैसी परेशानियां हो सकती हैं। बार-बार ऐसा होने लगे तो इसे शुक्र और चंद्रमा से जुड़े शुभ प्रभावों के कमजोर होने से भी जोड़ा जाता है।
वास्तु में नमक का महत्व
वास्तु शास्त्र में नमक को घर की नकारात्मकता को सोखने वाली वस्तु माना जाता है। इसी विश्वास के चलते कई लोग घर के किसी कोने में कांच की कटोरी में नमक रख देते हैं। कुछ घरों में फर्श साफ करते समय पानी में थोड़ा नमक मिलाने की परंपरा भी है। मान्यता है कि नमक का ऐसा इस्तेमाल घर के वातावरण को सकारात्मक बनाए रखने में सहायक हो सकता है। खास अवसरों पर भी कई लोग नमक से जुड़े पारंपरिक उपाय करते हैं।
गलती से गिर जाए तो क्या करें
अगर खाना बनाते या परोसते समय गलती से नमक गिर जाए तो घबराने की जरूरत नहीं है, ऐसी घटनाओं को लेकर अनावश्यक डर या चिंता न पालें। इसे किसी बड़े संकट का निश्चित संकेत नहीं माना जा सकता। मान्यता के अनुसार, गिरे हुए नमक पर पैर नहीं रखना चाहिए और उसे सावधानी से समेटकर साफ कर देना चाहिए।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें: राधा अष्टमी पर ये चीजें घर लाना है शुभ, परिवार में प्रेम और सुख-समृद्धि बढ़ाने में हो सकता है सहायक