1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत ए ने इंग्लैंड लायंस को 140 रन पर समेटकर फॉलोआन दिया

भारत ए ने इंग्लैंड लायंस को 140 रन पर समेटकर फॉलोआन दिया

 Reported By: Bhasha
 Published : Feb 14, 2019 07:39 pm IST,  Updated : Feb 14, 2019 07:39 pm IST

भारत ए ने दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन गुरुवार को यहां इंग्लैंड लायंस को 140 रन पर समेटकर 252 रन की बढ़त हासिल करके मेहमान टीम को फॉलोआन दिया।

Shahbaz Nadeem- India TV Hindi
Shahbaz Nadeem Image Source : GETTY IMAGES

मैसुरू। भारत ए ने दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन गुरुवार को यहां इंग्लैंड लायंस को 140 रन पर समेटकर 252 रन की बढ़त हासिल करके मेहमान टीम को फॉलोआन दिया। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में सजग शुरुआत करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक बिना विकेट खोए 24 रन बनाए। टीम अब भी 228 रन से पिछड़ रही है।

 
इससे पहले भारत ए ने दिन की शुरुआत तीन विकेट पर 282 रन से की लेकिन लॉयंस ने वापसी करते हुए मेजबान टीम को 392 रन पर समेट दिया।
 
टेस्ट टीम से बाहर चल रहे करुण नायर अपने कल के 14 रन के स्कोर में कोई इजाफा नहीं कर पाए। उन्होंने जैक चैपल की गेंद पर विकेटकीपर ओली पोप को कैच थमाया। 

मध्यक्रम में सिर्फ पिछले मैच के शतकवीर केएस भरत ही उपयोगी योगदान दे पाए। उन्होंने 46 रन की पारी खेली और आउट होने वाले अंतिम बल्लेबाज रहे। 

लायंस की ओर से चैपल सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 60 रन देकर चार विकेट चटकाए। स्पिनर डैनी ब्रिग्स ने 71 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। 

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों ने सतर्क शुरुआत की और पहले पांच ओवर में 23 रन जोड़े। नवदीप सैनी ने मैक्स होल्डन (19) को एलबीडब्लू आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। 

पहले मैच में अर्धशतक जड़ने वाले सैम हेन पांच रन बनाने के बाद वरुण आरोन की गेंद पर विकेटकीपर भरत को कैच दे बैठे। सलामी बल्लेबाज बेन डकेट ने भी 15 रन बनाने के बाद शाहबाज नदीम की गेंद पर भरत को कैच थमाया। 

लायंस की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 48.4 ओवर में सिमट गई। ओली पोप टीम के शीर्ष स्कोरर रहे। उन्होंने 25 रन बनाए। 

तेज गेंदबाज सैनी और बायें हाथ के स्पिनर नदीम ने तीन-तीन विकेट चटकाए। राष्टूीय टीम से बाहर चल रहे आरोन और जलज सक्सेना ने दो-दो विकेट हासिल किए। 

इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों ने इसके बाद फॉलोआन खेलते हुए भारत ए के गेंदबाजों को दिन का खेल खत्म होने तक सफलता से महरूम रखा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।