1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारत का दौरा करने वाली हर टीम को अफगानिस्तान से खेलना होगा अभ्यास मैच, BCCI ने दिया बड़ा बयान

भारत का दौरा करने वाली हर टीम को अफगानिस्तान से खेलना होगा अभ्यास मैच, BCCI ने दिया बड़ा बयान

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : May 31, 2018 05:27 pm IST,  Updated : May 31, 2018 05:27 pm IST

अफगानिस्तान और भारत के बीच 14 जून से ऐतिहासिक टेस्ट मैच खेलना है।

अफगानिस्तानी...- India TV Hindi
अफगानिस्तानी बल्लेबाज के खिलाफ अपील करते भारतीय खिलाड़ी

भारत का दौरा करने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय टीमें अब से अफगानिस्तान के खिलाफ एक अभ्यास मैच खेलेंगी जिससे युद्ध और आतंकवाद से पीड़ित इस देश को लगातार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने का अनुभव मिलेगा। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के अनुसार बीसीसीआई के कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी ने अपने दौरे के दौरान ये घोषणा की। दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट संबंधों पर चर्चा के लिए चौधरी यहां आए हैं। भारत 14 से 18 जून तक अफगानिस्तान के ऐतिहासिक पहले क्रिकेट टेस्ट की बेंगलुरू में मेजबानी करेगा।

चौधरी ने कहा कि इस फैसले से खिलाड़ियों के मनोबल और कौशल में इजाफा होगा। एसीबी के अध्यक्ष आतिफ मशाल के अनुसार, ‘‘अफगानिस्तान अब आईसीसी का पूर्ण सदस्य है और हमारे बीसीसीआई के साथ अच्छे संबंध हैं जिसमें और मजबूती आएगी जब हम देश में खेल के विकास के लिए आगे एक साथ काम करेंगे।’’ चौधरी ने कहा, ‘‘अध्यक्ष (आतिफ) के निमंत्रण पर काबुल आना सम्मान की बात है। अफगानिस्तान के खिलाफ उसके पहले ऐतिहासिक टेस्ट में खेलना हमारे लिए सम्मान की बात है और हम इस मौके को जाने नहीं देना चाहते।’’

बीसीसीआई के कार्यवाहक सचिव ने कहा, ‘‘क्रिकेट से दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे और शांति का संदेश जाएगा। आईपीएल में खेलने के कारण अफगानिस्तान के खिलाड़ियों को भारत में काफी पसंद किया जाता है और लोग उन्हें जानते हैं और आगामी वर्षों में इसमें इजाफा होगा।’’ आतिफ ने ग्रेटर नोएडा के अलावा अफगानिस्तान के घरेलू मैचों के लिए देहरादून में दूसरा स्टेडियम मुहैया कराने के लिए बीसीसीआई का आभार व्यक्त किया। अफगानिस्तान देहरादून में बांग्लादेश के खिलाफ तीन टी20 मैचों की श्रृंखला की मेजबानी करेगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल