मुंबई: अनुराग ठाकुर कल यहां होने वाली बीसीसीआई की विशेष आम बैठक (SGM) में सर्वसम्मति से बोर्ड का अध्यक्ष बनने को तैयार हैं। वह शंशाक मनोहर की जगह लेंगे जिन्होंने आईसीसी प्रमुख के पद के लिये बीसीसीआई अध्यक्ष पद से हटने का फैसला किया था। अनुराग ठाकुर ने आज भारत के पूर्व कप्तान और बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सौरव गांगुली की मौजूदगी में आज बीसीसीआई अध्यक्ष पद का नामांकन भरा। उन्हें पूर्व क्षेत्र की सभी छह ईकाइयों का समर्थन हासिल है।
ठाकुर के साथ एकजुटता दिखाने के लिये सभी छह ईकाइयों (कैब, असम क्रिकेट संघ, त्रिपुरा क्रिकेट संघ, एनसीसी और झारखंड क्रिकेट संघ) ने उनके नामांकन पत्र पर हस्ताक्षर किए। नियमत: सिर्फ एक ईकाई को अध्यक्ष पद के दावेदार को नामित करना था।
अनुराग ठाकुर लोकसभा में भाजपा सांसद हैं, उन्हें पूर्वी क्षेत्र के सभी सदस्यों से समर्थन प्राप्त है जिसमें बंगाल, असम, झारखंड, त्रिपुरा और राष्ट्रीय क्रिकेट क्लब शामिल हैं। 41 वर्षीय ठाकुर बोर्ड का पदभार कठिन समय सभालेंगे क्योंकि बीसीसीआई पर उच्चतम न्यायालय की न्यायमूर्ति आर एम लोढ़ा समिति की सिफारिशों को लागू करने का दबाव बना हुआ है। मनोहर ने सात महीने बोर्ड के इस शीर्ष पद पर काबिज रहने के बाद इस्तीफा दिया, जिससे दुनिया की सबसे अमीर और सबसे ताकतवर क्रिकेट संस्था के नये प्रमुख के चुनाव की जरूरत पड़ी।
उन्हें 12 मई को आईसीसी का पहला स्वतंत्र चेयरमैन चुना गया था। एक बार ठाकुर को सर्वसम्मति से चुन लिया जाये तो सचिव के पद का चयन उनके अधीन होगा। सूत्रों के अनुसार महाराष्ट्र क्रिकेट संघ प्रमुख और व्यवसायी अजय शिर्के इस पद के लिये प्रबल दावेदार हैं। शिर्के ने हालांकि साफ किया कि वह बोर्ड के पद की कतार में नहीं है।