1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. पहले टी-20 में आस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 85 रनों से हराया

पहले टी-20 में आस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 85 रनों से हराया

 Written By: IANS
 Published : Sep 06, 2016 11:40 pm IST,  Updated : Sep 06, 2016 11:40 pm IST

ग्लैन मैक्सवेल के तूफानी शतक की बदौलत आस्ट्रेलियाई टीम ने पहले टी-20 मैच में श्रीलंका को 85 रनों से हरा दिया।

Maxwell- India TV Hindi
Maxwell Image Source : PTI

पालेकेले: ग्लैन मैक्सवेल (नाबाद 145) के तूफानी शतक की बदौलत इंटरनेशनल टी-20 क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर (263/3) बनाने के बाद आस्ट्रेलियाई टीम ने पहले टी-20 मैच में श्रीलंका की पारी 178 रनों पर समेट दी और 85 रनों से जीत हासिल कर ली। आस्ट्रेलिया की जीत के हीरो रहे मैक्सवेल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पालेकेले स्टेडियम में हुए इस टी-20 मैच में आस्ट्रेलियाई टीम ने टी-20 क्रिकेट के किसी भी स्तर का सर्वोच्च स्कोर बनाया। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में जहां आस्ट्रेलिया ने 2007 में श्रीलंका द्वारा बनाए गए 260 रन के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया, वहीं आईपीएल में 23 अप्रैल, 2013 को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) के पांच विकेट पर 263 रन के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।

आस्ट्रेलिया से मिले लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंकाई टीम कभी भी जीत की तरफ बढ़ती नजर नहीं आई। दोनों सलामी बल्लेबाज कुशल परेरा और तिलकरत्ने दिलशान चार-चार रनों के निजी स्कोर पर चलते बने।

कप्तान दिनेश चांडिमल (58) ने कुछ कोशिश जरूर की, लेकिन इतने बड़े लक्ष्य के आगे उनका प्रयास भी फीका ही रहा। चांडिमल ने 43 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का लगाया। चमारा कापुगेदरा (43) ने भी कुछ अच्छे हाथ दिखाए, जो सिर्फ श्रीलंकाई प्रेमियों के लिए क्षणिक सुख साबित हुआ। कापुगेदरा ने 25 गेंदों पर तीन चौके और इतने ही छक्के जड़े।

श्रीलंका के पांच बल्लेबाज तो दहाई तक भी नहीं पहुंच सके और मेजबान टीम नौ विकेट पर 178 रनों तक ही पहुंच सकी। आस्ट्रेलिया के लिए मिशेल स्टार्क और स्कॉट बोलैंड ने तीन-तीन विकेट चटकाए।

इससे पहले, बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलिया ने अंतर्राष्ट्रीय टी-20 में दूसरी सर्वोच्च व्यक्तिगत पारी खेलने वाले मैक्सवेल की बदौलत निर्धारित 20 ओवरों में तीन विकेट खोकर 263 रन बनाए।

मैक्सवेल ने 65 गेंदों में नौ छक्के और 14 चौके की मदद से तूफानी पारी खेली। मैक्सवेल के अलावा ट्रेविस हेड ने अंतिम ओवरों में 18 गेंदों में 45 रन की पारी खेल आस्ट्रेलिया को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। तीन छक्के और आठ चौके लगाने वाले हेड पारी की अंतिम गेंद पर आउट हुए। श्रीलंका की तरफ से सेनानायके, थिसारा परेरा और सचिथा पाथिराना ने एक-एक विकेट हासिल किया।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल