1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर के बिना भी ऑस्ट्रेलिया मजबूत, दौरा नहीं होगा आसान: भुवनेश्वर कुमार

स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर के बिना भी ऑस्ट्रेलिया मजबूत, दौरा नहीं होगा आसान: भुवनेश्वर कुमार

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Oct 18, 2018 09:34 am IST,  Updated : Oct 18, 2018 09:34 am IST

भारतीय टीम को साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है। इस बार ऑस्ट्रेलिया की टीम में स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर नहीं होंगे। क्योंकि दोनों बल्लेबाज एक साल का बैन झेल रहे हैं।

Bhuvneshwar Kumar- India TV Hindi
Bhuvneshwar Kumar Image Source : GETTY IMAGES

भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार का मानना है कि आगामी ऑस्ट्रेलियाई दौरा चुनौतीपूर्ण होगा। भुवी का कहना है कि भले ही मेजबान टीम अपने दो स्टार खिलाड़ियों (डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ) के बिना मैदान पर उतरेगी लेकिन इसके बावजूद दौरे पर टीम इंडिया को कड़ी चुनौती मिल सकती है। भुवनेश्वर ने कहा, ‘‘ये (आस्ट्रेलियाई दौरा) चुनौतीपूर्ण होगा, कोई भी दौरा आसान नहीं होता। लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरा चुनौतीपूर्ण होगा क्योंकि जब आप अपने देश के बाहर खेलते हो तो आपको कुछ निश्चित परिस्थितियों के अनुरूप ढलने की जरूरत पड़ती है। गेंदबाजों के लिए ये आसान नहीं होता क्योंकि इन दिनों गेंद में ज्यादा मूवमेंट नहीं होती।’’ 

ऑस्ट्रेलिया को स्मिथ और वॉर्नर की सेवाएं नहीं मिलेंगी क्योंकि इन दोनों पर दक्षिण अफ्रीका के पिछले दौरे के दौरान गेंद से छेड़छाड़ के लिए एक साल का प्रतिबंध लगा हुआ है। इनकी अनुपस्थिति से मेजबान टीम पर पड़ने वाले असर के बारे में भुवनेश्वर ने कहा, ‘‘मैं ये नहीं कह सकता कि हम उन पर भारी पड़ेंगे। उनके पास दो बल्लेबाज (स्मिथ और वॉर्नर) नहीं हैं, जिन्होंने टीम के लिए पिछले कई सालों से शानदार प्रदर्शन किया है। लेकिन उनकी टीम में उनके स्थान पर दूसरे बल्लेबाज हैं और ऐसा नहीं है कि वो अच्छे नहीं हैं।’’ 

उत्तर प्रदेश के इस क्रिकेटर ने कहा, ‘‘उनके लिए घरेलू परिस्थतियां होंगी। दौरा आसान नहीं होगा। वहां अभ्यास मैचों में हमारी तैयारी भी मायने रखेगी।’’ भारतीय टीम 3 मैचों की वनडे और टी20 सीरीज के अलावा चार टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएगी, जिसमें पहला टेस्ट मैच एडिलेड में छह दिसंबर से शुरू होगा। 

आपको बता दें कि वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले दो वनडे के लिए भुवनेश्वर को आराम दिया गया है। भुवनेश्वर ने 92 वनडे और 21 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने टीम प्रबंधन की रोटेशन पॉलिसी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, ‘‘जिस तरह से तेज गेंदबाजों को रोटेशन नीति के तहत आराम दिया जाता है और इस दौरान दूसरों को मौका मिलता है, ये अच्छा है क्योंकि इससे शरीर तरोताजा रहता है।’’ भुवनेश्वर ने ब्रेक की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘‘जब आप लंबे दौरे पर खेलते हो तो आपको ब्रेक की जरूरत होती है। आप मानसिक रूप से थके होते हो।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल