ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में इंग्लैंड के बल्लेबाज जेसन रॉय ने तूफानी पारी खेली। रॉय ने सिर्फ 151 गेंदों में 16 चौके, 5 छक्कों की मदद से 180 रन ठोके। रॉय की इस खतरनाक पारी की बदौलत इंग्लैंड ने 305 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया और मुकाबले को 5 विकेट से अपने नाम किया। रॉय ने ये पारी खेलकर कई रिकॉर्डों पर अपना नाम लिखवाया।
इंग्लैंड की तरफ से सबसे बड़ी पारी: रॉय की 180 रनों की ये पारी इंग्लैंड की तरफ से वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी पारी है। रॉय ने ऐलेक्स हेल्स को पीछे छोड़कर इस उपलब्धि को अपने नाम किया। हेल्स ने 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ 171 रन बनाए थे।
ऑस्ट्रेलिया में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर: रॉय का ये स्कोर ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी रॉय का ये पारी किसी भी खिलाड़ी की दूसरी सबसे बड़ी पारी है। इसके अलावा मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर ये स्कोर दुनिया के किसी भी खिलाड़ी का सबसे बड़ा स्कोर है। आपको बता दें कि एक समय तो लग रहा था कि रॉय अपना पहला दोहरा शतक भी ठोक देंगे और इंग्लैंड की तरफ से इस कारनामे को अंजाम देने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे लेकिन जब वो 181 के स्कोर पर थे तो उन्हें मिचेल स्टार्क ने आउट कर दोहरे शतक के सपने पर पानी फेर दिया