पुणे: टेस्ट सिरीज़ के पहले मैच में अप्रत्याशित हार से जहां टीम इंडिया और उसके प्रशंसक सकते में हैं वही इस मैच में दोनों पारियों में विराट कोहली के जल्द आउट होने को मेहमान टीम की एकतरफा जीत का अहम कारण माना जा रहा है। लेकिन कोहली का कितना आतंक इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि ऑस्ट्रेलियाई ख़ेमें में कोहली की वापसी को लेकर डर समाया हुआ है।
आस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने आज कहा कि उनकी टीम को भारतीय कप्तान विराट कोहली के मज़बूत वापसी करने की चिंता है।
पुणे में कोहली पहली पारी में खाता भी नहीं खोल पाए जबकि दूसरी पारी में भी सिर्फ 13 रन बना सके जिससे भारत को 333 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी और आस्ट्रेलिया ने लगभग 13 साल में भारत में पहली टेस्ट जीत दर्ज की। स्टार्क ने कोहली को पहली पारी में पवेलियन भेजा था।
स्टार्क ने यहां संवाददाताओं से कहा, वह विश्वस्तरीय खिलाड़ी है, हम सभी को यह पता है। वह इस साल पहले ही ढेरों रन बना चुका है। हमें विराट की वापसी को लेकर चिंता करनी होगी। उन्होंने कहा, हमे पता है कि बाकी श्रृंखला में भी उसका विकेट अहम रहेगा। इस सीरीज को जीतने के लिए हमें उसे छह और बार आउट करना होगा।
कोहली को आउट करने से पहले स्टार्क ने चेतेश्वर पुजारा को भी पवेलियन भेजा लेकिन उन्होंने कहा कि भारतीय कप्तान का विकेट उनके लिए सबसे अहम था।
उन्होंने कहा, हम सभी को पता है कि वह मजबूत वापसी करेगा लेकिन फिलहाल मैं उसके विकेट को पुजारा पर तरजीह दूंगा।
आईपीएल में रायल चैलेंजर बेंगलूर की ओर से कोहली के मार्गदर्शन में खेलने वाले स्टार्क ने कहा, हमें बेहद खुशी है कि चीजें हमारे लिए ऐसी रही लेकिन इस एक टेस्ट से हम श्रृंखला नहीं जीत पाएंगे। तीन महत्वपूर्ण टेस्ट मैच बाकी हैं।