1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. श्रीलंका दौरे से हटने व IPL 2021 की तैयारी के लिए शाकिब ने रखी मांग तो बांग्लादेश बोर्ड हुआ नाराज

श्रीलंका दौरे से हटने व IPL 2021 की तैयारी के लिए शाकिब ने रखी मांग तो बांग्लादेश बोर्ड हुआ नाराज

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 21, 2021 01:51 pm IST,  Updated : Mar 21, 2021 01:51 pm IST

शाकिब अल हसन ने दावा किया कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में राष्ट्रीय टीम की तरफ से खेलने के बजाय आईपीएल में खेलने के उनके फैसले को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने गलत तरीके से पेश किया।

Shakib al Hasan- India TV Hindi
Shakib al Hasan Image Source : GETTY

ढाका| स्टार आलराउंडर शाकिब अल हसन ने दावा किया कि श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में राष्ट्रीय टीम की तरफ से खेलने के बजाय इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने के उनके फैसले को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने गलत तरीके से पेश किया। बांग्लादेश विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की दावेदारी में नहीं हैं और शाकिब का मानना है कि ऐसे में आईपीएल में खेलना अधिक महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे उन्हें टी20 विश्व कप की तैयारियों में मदद मिलेगी जो साल के आखिर में भारत में होना है। 

शाकिब ने क्रिकफ्रेन्जी से कहा, ‘‘ये दो टेस्ट मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के हमारे आखिरी मैच होंगे और ऐसा नहीं है कि हम फाइनल में खेलने जा रहे हैं। हम अंक तालिका में निचले स्थान पर हैं और मुझे नहीं लगता कि इससे ज्यादा अंतर आने वाला है। ’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘दूसरा बड़ा कारण भारत में इस साल के आखिर में होने वाले टी20 विश्व कप है। यह बहुत महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है जहां हमें काफी कुछ हासिल करना है। इन दो टेस्ट मैचों से कुछ खास हासिल नहीं होगा। मुझे लगता है कि यह बेहतर विकल्प है कि मैं किसी बड़ी प्रतियोगिता के लिये तैयारी करूं। ’’ 

शाकिब ने कहा कि बीसीबी को भेजे गये पत्र में उन्होंने टी20 विश्व कप के लिये अपनी तैयारियों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा, ‘‘लोग लगातार इस बारे में (श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से हटने) बात कर रहे हैं। जो लोग ऐसा बोल रहे हैं कि मैं आगे टेस्ट क्रिकेट नहीं खेलूंगा, उन्होंने मेरा पत्र सही तरह से नहीं पढ़ा। ’’ 

शाकिब ने कहा, ‘‘मैंने अपने पत्र में यह नहीं लिखा है कि मैं टेस्ट में नहीं खेलना चाहता हूं। मैंने लिखा है कि विश्व कप की अच्छी तैयारी के लिये मैं आईपीएल में खेलना चाहता हूं लेकिन इसके बावजूद अकरम भाई (बीसीबी क्रिकेट संचालन अध्यक्ष अकरम खान) कहते रहे कि मैं टेस्ट मैचों में नहीं खेलना चाहता हूं। ’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल