1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. जसप्रीत बुमराह के कायल हुए के. एल. राहुल, कही ये बड़ी बात

जसप्रीत बुमराह के कायल हुए के. एल. राहुल, कही ये बड़ी बात

 Reported By: IANS
 Published : Oct 04, 2019 10:48 pm IST,  Updated : Oct 04, 2019 10:48 pm IST

सलामी बल्लेबाज ने कहा कि वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स के साथ खेलना पसंद करेंगे।

Jasprit Bumrah and Kl Rahul- India TV Hindi
Jasprit Bumrah and Kl Rahul Image Source : GETTY IMAGES

नई दिल्ली। भारतीय टीम के खिलाड़ी लोकेश राहुल ने कहा है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह बेहतरीन प्रतिभा के धनी हैं और समय के साथ वह और बेहतर होते जाएंगे। राहुल और बुमराह दक्षिण अफ्रीका के साथ जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। बुमराह चोट के कारण बाहर हैं तो वहीं राहुल को खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा है।

राहुल ने रेड बुल द्वारा आयोजित कराए गए संवाद में कहा, "वह (बुमराह) बेहतरीन प्रतिभा के धनी हैं। वे जब भारत के लिए नहीं खेल रहे थे तभी मुझे उनके साथ खेलने का मौका मिला था। हम जूनियर स्तर पर साथ खेले हैं और वह हमेशा से उन खिलाड़ियों में रहे हैं जो क्रिकेट के लिए समर्पित और प्रतिबद्ध हैं। आप उनसे पंगा नहीं ले सकते क्योंकि वह अच्छी खासी तेजी से गेंद करते हैं।"

उन्होंने कहा, "वह हमेशा से काफी प्रतिस्पर्धी रहे हैं। वे अभी जो देश के लिए कर रहे हैं वो शानदार है और मैं जानता हूं कि वह समय के साथ और बेहतर होते जाएंगे।"

सलामी बल्लेबाज ने कहा कि वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स के साथ खेलना पसंद करेंगे।

स्टोक्स ने इंग्लैंड को विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। साथ ही हाल ही में खत्म हुई एशेज सीरीज में तीसरे टेस्ट मैच में बेहतरीन पारी खेल आस्ट्रेलिया के मुंह से जीत छीन ली थी।

राहुल ने कहा, "उन्होंने जो किया वो अविश्वसनीय था। वो टेस्ट मैच हमेशा सबसे अच्छा टेस्ट मैच रहेगा। इस तरह की पारी खेलना शानदार है। स्टोक्स गेंदबाजी कर सकते हैं, वह शानदार फील्डर हैं। वह जहां खेले हैं वहां टीम पर गहरा प्रभाव छोड़ा है। मुझे उम्मीद है कि वे मेरी टीम के लिए खेलें। उनको अपनी टीम में शामिल करना अच्छा होगा।"

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।