नई दिल्ली: टीम इंडिया के स्टार आलराउंडर रवींद्र जडेजा रविवार को रीवाबा सोलंकी के साथ विवाह बंधन में बंध गए। हालांकि उनकी बारात में हुई फायरिंग की एक घटना को लेकर विवाद भी पैदा हो गया जिससे रंग में भंग पड़ गया जिसके बाद पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही गोलियां चलने पर खुद रविन्द्र जडेजा की घोड़ी भी बिदक गई।
जडेजा की बारात जब आगे बढ़ रही थी तब संभवत: उनसे कुछ मीटर दूर खड़े उनके एक रिश्तेदार को अपनी रिवाल्वर से हवा में गोलियां चलाते देखा गया। घटना में किसी को चोट नहीं लगी लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने कहा कि आत्मरक्षा के अलावा अन्य किसी भी चीज के लिए लाइसेंस वाले बंदूक से गोली चलाना भी गैरकानूनी है। दोष साबित होने पर व्यक्ति को तीन साल जेल की सजा हो सकती है। इसका वीडियो सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर वायरल हो जाने से पुलिस को इसकी जांच के आदेश देने पड़े। ग्रामीण एसपी अंतरीप सूद ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इससे पूर्व पीले रंग की शेरवानी और पारंपरिक गुजराती पगड़ी पहने जडेजा घोड़ी पर दूल्हा बन कर निकले। रीवाबा के साथ उनकी सगाई इस साल फरवरी में हुई थी। इससे पहले कल रात संगीत की रस्म में उन्होंने तलवारबाजी का भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था तथा दुल्हन के साथ ठुमके भी लगाए थे।