1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चेतन शर्मा ने विराट कोहली को दी बुमराह के वर्कलोड के बारे में ये सलाह

चेतन शर्मा ने विराट कोहली को दी बुमराह के वर्कलोड के बारे में ये सलाह

 Reported By: IANS
 Published : Sep 24, 2019 04:20 pm IST,  Updated : Sep 24, 2019 04:20 pm IST

बुमराह ने अभी तक 12 टेस्ट मैच खेले हैं और 62 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने यह भी टेस्ट विदेशों में खेले हैं।

जसप्रीत बुमराह- India TV Hindi
जसप्रीत बुमराह Image Source : GETTY IMAGES

नई दिल्ली। भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज चेतन शर्मा का मानना है कि विराट कोहली को घर में होने वाले टेस्ट मैचों में जसप्रीत बुमराह को आराम देना चाहिए। बुमराह ने अभी तक 12 टेस्ट मैच खेले हैं और 62 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने यह भी टेस्ट विदेशों में खेले हैं।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज बुमराह की घर में पहली टेस्ट सीरीज होगी।

चेतन ने अंग्रेजी अखबार हिन्दुस्तान टाइम्स से कहा, "मुझे लगता है कि बुमराह को भारत में खेले जाने वाले टेस्ट मैच में आराम देना चाहिए। हमें उनकी तरह की प्रतिभा को बर्बाद नहीं करना चाहिए। वह इस समय विश्व के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं, हमें उन्हें इस तरह की परिस्थति में आजमाना नहीं चाहिए।"

उन्होंने कहा, "विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप चल रही है और बुमराह भारत की रणनीति का अहम हिस्सा हैं। इस बात को साबित करने की कोई जरूरत नहीं है कि बुमराह भारत में भी विकेट ले सकते हैं। अंतत: हमें जीत चाहिए और अंक हासिल करने हैं।"

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज दो अक्टूबर से शुरू हो रही है। इस सीरीज के बाद भारत को बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज भी खेलनी हैं। यह दोनों सीरीज विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा हैं।

चेतन का मानना है कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में शीर्ष पर काबिज भारत के पास बुमराह की गैरमौजूदगी में भी 20 विकेट लेने की काबिलियत है।

उन्होंने कहा, "समय बदल गया है। वो दिन गए जब हम विकेट लेने के लिए सिर्फ कपिल देव पर निर्भर रहते थे। अब हमारे पास दुनिया का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आक्रमण है। हमारे पास भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा, नवदीप सैनी जैसे गेंदबाज हैं। इसलिए उन्हें मौका दिया जाना चाहिए, ऐसे में क्यों बुमराह पर दबाव डालना।"

उन्होंने कहा, "बुमराह को तभी बुलाना चाहिए जब जरूरी हो।"

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल