1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. सनराइजर्स हैदराबाद के बर्ताव से डेविड वॉर्नर का आत्मविश्वास डिगा है - ब्रेट ली

सनराइजर्स हैदराबाद के बर्ताव से डेविड वॉर्नर का आत्मविश्वास डिगा है - ब्रेट ली

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 21, 2021 05:57 pm IST,  Updated : Oct 21, 2021 05:57 pm IST

ब्रेट ली ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद के बर्ताव से डेविड वॉर्नर का आत्मविश्वास डिगा है लेकिन यह सलामी बल्लेबाज बड़े मंच का खिलाड़ी है और टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की सफलता में उसकी भूमिका अहम होगी। 

David Warner confidence is shaken by Sunrisers Hyderabad's behavior - Brett Lee- India TV Hindi
David Warner confidence is shaken by Sunrisers Hyderabad's behavior - Brett Lee Image Source : GETTY IMAGES

दुबई। पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने कहा है कि इंडियन प्रीमियर लीग में सनराइजर्स हैदराबाद के बर्ताव से डेविड वॉर्नर का आत्मविश्वास डिगा है लेकिन यह सलामी बल्लेबाज बड़े मंच का खिलाड़ी है और टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया की सफलता में उसकी भूमिका अहम होगी। सनराइजर्स ने इस साल आईपीएल के पहले चरण में वॉर्नर को कप्तानी से हटा दिया और यूएई में सत्र बहाल होने पर उन्हें पहले दो मैचों में साधारण प्रदर्शन के बाद अंतिम एकादश से भी बाहर कर दिया गया। ली को उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया अपना पहला टी20 विश्व खिताब जीतने में सफल रहेगा। ऑस्ट्रेलिया अपने अभियान की शुरुआत शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करेगा। 

ली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के लिए कॉलम में लिखा,‘‘इस प्रारूप में हमें काफी सफलता नहीं मिली है- अब समय आ गया है कि हम इसमें बदलाव करें और हमारे पास ऐसी टीम है जो खिताब जीत सकती है। यह हालांकि आसान नहीं होगा विशेषकर जब आप देखें कि इंग्लैंड, भारत और न्यूजीलैंड की टीमें कितनी मजबूत हैं।’’ 

उन्होंने कहा,‘‘लेकिन यह ऑस्ट्रेलियाई टीम प्रतिभा से भरी है और मेरी नजर में डेविड वॉर्नर अहम रहेगा। मैं कहना चाहूंगा कि उसने आगामी मैचों के लिए रन बचाकर रखे हैं। उसके साथ आईपीएल में काफी कड़ा बर्ताव किया गया और इससे उसका आत्मविश्वास कुछ हद तक डिगा होगा लेकिन वह बड़े मंच पर अच्छा प्रदर्शन करता है। यहां से सब कुछ सही होगा क्योंकि आपका स्तर स्थाई होता है।’’ 

ऑस्ट्रेलिया के लिए 76 टेस्ट और 221 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाले ली ने कहा कि आस्ट्रेलिया के लिए वार्नर के अलावा मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड अच्छा प्रदर्शन करेंगे। ली को इसमें कोई संदेह नहीं है कि भारत खिताब का प्रबल दावेदार है और उन्होंने उम्मीद जताई कि बल्लेबाज लोकेश राहुल और तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। 

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि शीर्ष चार या पांच बल्लेबाज और गेंदबाजी आक्रमण के साथ भारत संभवत: खिताब का प्रबल दावेदार है। पिछले कुछ महीनों के प्रदर्शन को देखें तो मेरी नजर में लोकेश राहुल टूर्नामेंट का शीर्ष स्कोरर और मोहम्मद शमी सबसे अधिक विकेट चटकाने वाला गेंदबाज होगा।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल