1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. डु प्लेसिस की जगह डी कॉक वनडे और ड्यूमिनी टी-20 के लिए द.अफ्रीका के कप्तान

डु प्लेसिस की जगह डी कॉक वनडे और ड्यूमिनी टी-20 के लिए द.अफ्रीका के कप्तान

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Aug 07, 2018 09:50 pm IST,  Updated : Aug 07, 2018 09:50 pm IST

डी कॉक ने दक्षिण अफ्रीका के लिए अब तक किसी भी फॉर्मेट में कप्तानी नहीं की है।

 क्विंटन डी कॉक- India TV Hindi
 क्विंटन डी कॉक

कोलंबो: कंधे की चोट के कारण श्रीलंका दौरे पर वनडे सीरीज से बाहर हुए दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस के स्थान पर क्विंटन डी कॉक को वनडे और ज्यां पॉल ड्यूमिनी को टी-20 टीम का कप्तान बनाया गया है। आईसीसी की वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, डी कॉक अब कैंडी और कोलंबो में होने वाले दो वनडे मैचों में मेहमान टीम की कमान संभालेंगे जबकि ड्यूमिनी कोलंबो में होने वाले एकमात्र टी-20 मैच में टीम की अगुवाई करेंगे।

डी कॉक ने दक्षिण अफ्रीका के लिए अब तक किसी भी फॉर्मेट में कप्तानी नहीं की है। लेकिन, 2012 में वह अंडर-19 टीम के कप्तान थे और कोच ओटिस गिब्सन को उम्मीद है कि डी कॉक कप्तानी के लिए फिट हैं।

ड्यूमिनी इससे पहले भी राष्ट्रीय टीम की कप्तानी कर चुके हैं। इस वर्ष भारत के खिलाफ हुए तीन मैचों की घरेलू सीरीज में उन्होंने डु प्लेसिस की जगह टी-20 में टीम की कप्तानी की थी। दक्षिण अफ्रीकी टीम पांच मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल किए हुई है। 

डु प्लेसिस तीसरे वनडे मैच में फील्डिंग करते हुए 10वें ओवर में एक कैच पकड़ते समय गिर पड़े थे और उन्हें दाएं कंधे में चोट लग गई। इस कारण वह इलाज के लिए तुरंत मैदान से बाहर चले गए थे। प्लेसिस की चोट को ठीक होने में कम से कम छह सप्ताह का समय लगेगा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल