मीरपुर में बांग्लादेश के हाथों अप्रत्याशित हार के बावजूद इंग्लैंड के कोच ट्रेवर बेलिस को उम्मीद है कि उनकी टीम भारत-दौरे पर अच्छा प्रदर्शन करेगी। रविवार को इंग्लैंड दूसरे टेस्ट में बांग्लादेश से हार गई थी। बांग्लादेश की जीत में स्पिनर मेहदी हसन ने 6 विकेट लिए थे। ये बांग्लादेश की इंग्लैंड पर टेस्ट में पहली जीत है। इंग्लैंड स्पिनरों के आगे टिक नहीं पाई और तीसरे दिन टी के बाद उसके दस विकेट स्पिनरों ने झटक लिए थे। मेहदी ने दो मैचों की सिरीज़ में 19 विकेट लिए।
108 रन से हारने के बाद कप्तान एलेसटैयर कुक ने माना कि टेस्ट में नंबर एक टीम भारत से कड़ी चुनौती मिलेगी।
बेलिस ने जहां माना कि भारत को हराना मुश्किल होगा वही आशा व्यक्त की कि पहले भी इंग्लैंड सिरीज़ में वापसी कर चुकी है और इस बार भी कर सकती है।
बेलिस ने स्काय स्पोर्ट्स न्यूज़ से कहा: 'ये तो तय है कि दौरा बहुत कठिन होगा। हमें बहुत अच्छा क्रिकेट खेलना होगा जो हम खेल सकते हैं। पहले भी हम पिछड़ने के बाद वापसी कर चुके हैं। हमें डटकर खेलना होगा। हमारा मुकाबला एक बहुत अच्छी टीम से है जो अपने घरेलू मैदान में बहुत अच्छा खेलती है।'
बेलिस ने कहा कि टीम में कुछ खिलाड़ियों की जगह ख़तरे में है। इनमें गैरी बैलेंस भी हैं जो बांग्लादेश के ख़िलाफ़ चार पारियों में दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। पाकिस्तान के ख़िलाफ़ चार टेस्ट मैचों में बैलेंस का औसत 30 से भी कम था इसके बावजूद उन्हें बांग्लादेश-दौर के लिए चुना गया था लेकिन वहां भी वह चल न सके।
बेलिस ने कहा कि बैलेंस बहुत निराश होगा। वह बहुत मेहनत करता है और अच्छा खेलना के लिए बेताब है। टीम के चयन के समय इन बातों पर चर्चा होगी। हमारे पास बैटिंग और बॉलिंग में दो-तीन विकल्प हैं।
इंग्लैंड भारत में पांच टेस्ट मैचों की सिरीज़ खेलेगी। पहला टेस्ट राजकोट में 9 नवंबर से शुरु होगा। टेस्ट के अलावा तीन वनडे और तीन टी20 मैच भी होने हैं।