डुनेडिन: मार्टिन गुपटिल (156) के शानदार शतक और केन विलियमसन (88) तथा ब्रेंडन मैक्लम (75) के उम्दा अर्धशतकों की मदद से न्यूजीलैंड ने यूनिवर्सिटी ओवल मैदान पर गुरुवार को श्रीलंका के साथ शुरू हुए पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में 8 विकेट पर 409 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने तक डग ब्रेसवेल 32 और नील वेगनर शून्य प नाबाद लौटे। श्रीलंका की ओर से सुरंगा लकमल, नुवान प्रदीप और दुशमंथ चमारा ने दो-दो विकेट लिए हैं। अपने टेस्ट करियर का तीसरा शतक लगाने वाले गुपटिल ने 234 गेंदों का सामना कर 21 चौके लगाए। गुपटिल ने पहले विकेट के लिए टॉम लैथन (22) के साथ 56 और फिर विलियमसन के साथ दूसरे विकेट के लिए 173 रनों की साझेदारी की।
विलियमसन का विकेट 229 के कुल योग पर गिरा। उन्होंने 123 गेंदों का सामना कर 12 चौके लगाए। 2004 में पदार्पण के बाद अपना लगातार 98वं टेस्ट मैच खेल रहे मैक्लम ने 57 गेंदों का सामना कर 13 चौके और एक छक्का लगाया। कीवी टीम ने तीसरी बार किसी टेस्ट मैच के पहले दिन 400 से अधिक रन बनाए हैं। इससे पहले उसने 2005-06 में हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ नौ विकेट पर 452 और 2014-15 मे क्राइस्टचर्च में श्रीलंका के खिलाफ सात विकेट पर 429 रन बनाए थे।
मैक्लम ने लगातार 98 टेस्ट खेलने के दक्षिण अफ्रीका के अब्राहम डिविलियर्स के रिकार्ड की बराबरी कर ली है। पदार्पण के बाद सबसे अधिक 153 टेस्ट खेलने का रिकार्ड आस्ट्रेलिया के एलन बार्डर के नाम है। अब तक सिर्फ चार खिलाड़ी-बार्डर, एलिस्टर कुक (120), मार्क वॉ (107) और सुनील गावस्कर (106) पदार्पण के बाद लगातार 100 या उससे अधिक टेस्ट खेल सके हैं।