1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. भारतीय टीम विश्व कप जीतने की प्रबल दावेदार: आकाश चोपड़ा

भारतीय टीम विश्व कप जीतने की प्रबल दावेदार: आकाश चोपड़ा

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 02, 2018 06:43 am IST,  Updated : Dec 02, 2018 06:43 am IST

विश्व कप का आगाज 30 मई को दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच मैच से होगा। 

भारतीय क्रिकेट टीम- India TV Hindi
भारतीय क्रिकेट टीम Image Source : GETTY IMAGES

मुंबई: भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने शनिवार को कहा कि दो बार की चैम्पियन भारतीय टीम अगले साल इंग्लैंड में होने वाले आईसीसी क्रिकेट विश्व कप का खिताब जीतने की प्रबल दावेदार होगी। दिल्ली के इस पूर्व खिलाड़ी को लगता है कि अंबाती रायुडू ने चौथे क्रम पर टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए वह सब कुछ किया है जो कर सकते थे। 

चोपड़ा ने यहां एक मॉल में आईसीसी विश्व कप ट्रॉफी टूर के तहत आयोजित कार्यक्रम में कहा,‘‘ हां, अभी विश्व कप में थोड़ा समय है लेकिन इस समय मुझे लगता है कि भारतीय टीम इस खिताब को उठाएगी। उनके पास वह सबकुछ है जो ट्रॉफी जीतने के लिए चाहिए।’’

 भारत के लिए 10 टेस्ट मैच खेलने वाले इस बल्लेबाज ने कहा,‘‘ इस टीम में काफी कुछ है जो इसे दावेदार बनाता है। टीम की गेंदबाजी शानदार है और कुछ बेहतरीन बल्लेबाज है। तो कई चीजें भारत के पक्ष में है और उम्मीद है कि इंग्लैंड की सरजमीं टीम के लिए अच्छी साबित होगी जैसा पिछली दो चैम्पियन्स ट्रॉफी में हुआ। एक बार हम विजेता हुए और एक बार उपविजेता। उम्मीद है कि 2019 में ही हम ट्रॉफी उठायेंगे।’’

विश्व कप का आगाज 30 मई को दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच मैच से होगा। जबकि भारतीय टीम अपने अभियान की शुरूआत पांच जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साउथम्पटन में करेगी। 

33 साल के रायुडू के द्वारा चौथा स्थान पर अपना दावा लगभग पक्का करने पर चोपड़ा ने कहा,‘‘ हमने इस स्थान पर लगभग 12 बल्लेबाजों को आजमाया लेकिन लगता है कि रायुडू ने इस जगह को पक्का कर लिया है। मेरे विचार से वह इंग्लैंड में चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करेंगे।’’

 चोपड़ा ने कहा कि कप्तान विराट कोहली की आईपीएल के दौरान गेंदबाजों को आराम देने की मांग पर बीसीसीआई को विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा,‘‘ विराट ने पहले ही मांग की है कि आईपीएल के दौरान मुख्य गेंदबाजों को आराम दिया जाना चाहिये और बीसीसीआई को इस पर फैसला करना है। यह सिर्फ गेंदबाजों पर लागू नहीं होता, यह बल्लेबाजों पर भी लागू होता है।’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल