1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Happy Birthday Prithvi Shaw: छोटी उम्र में बड़े कारनामे करने वाले पृथ्वी शॉ की 10 अनसुनी बातें

Happy Birthday Prithvi Shaw: छोटी उम्र में बड़े कारनामे करने वाले पृथ्वी शॉ की 10 अनसुनी बातें

 Written By: Manoj Shukla
 Published : Nov 09, 2018 11:29 am IST,  Updated : Nov 09, 2018 11:42 am IST

पृथ्वी शॉ बेहद कम उम्र से ही बड़े-बड़े कीर्तिमान रच रहे हैं। पृथ्वी शॉ ने भारत की तरफ से सबसे कम उम्र में डेब्यू मैच में शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था। पृथ्वी शॉ ने ये उपलब्धि वेस्टइंडीज के खिलाफ हासिल की थी।

Prithvi Shaw- India TV Hindi
Prithvi Shaw turns 19

भारतीय क्रिकेट के  नई सनसनी बन चुके पृथ्वी शॉ का आज 19वां जन्मदिन है। पृथ्वी शॉ को छोटी उम्र में बड़े कारनामों के लिए भी जाना जाता है। पृथ्वी शॉ ने टेस्ट क्रिकेट में भारत की तरफ से डेब्यू मैच में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है। इसके अलावा वो टेस्ट में सचिन तेंदुलकर के बाद भारत की तरफ से सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी भी हैं। भारत को साल के आखिर में भारत को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है और शॉ को इस दौरे के लिए बेहद अहम खिलाड़ी माना जा रहा है। आइए आपको बताते हैं कि पृथ्वी शॉ के जन्मदिन के मौके पर उनकी 10 बड़ी बातें।

546 रन ठोक कर आए थे सुर्खियों में: पृथ्वी शॉ सबसे पहले सुर्खियों में तब आए थे, जब उन्होंने सल 2013 में 14 साल की उम्र में हैरिस शील्ड टूर्नामेंट में 546 रन ठोक दिए थे।

डेब्यू मैच में रचा इतिहास: पृथ्वी शॉ ने 4 अक्टूबर, 2018 को अपने डेब्यू मैच में शतक लगाया था और इसके साथ ही वो भारत की तरफ से डेब्यू मैच में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए थे।

सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय: पृथ्वी शॉ के नाम भारत की तरफ से सचिन तेंदुलकर के बाद सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है।

मूल रूप से बिहार से हैं शॉ: पृथ्वी शॉ मूल रूप से बिहार के गया से हैं। शॉ के जन्म से पहले ही उनके पिता महाराष्ट्र आ गए थे।

4 साल की उम्र में उठ गया था मां का साया: पृथ्वी शॉ जब महज 4 साल के थे तब उनके ऊपर से मां का साया उठ गया था। शॉ ने बेहद कम उम्र में अपनी मां को खो दिया था।

डॉक्यूमेंट्री में किया काम: पृथ्वी शॉ ने क्रिकेट पर बनी डॉक्यूमेंट्री 'बियॉन्ड ऑल बाउंड्रीज' में भी काम किया था। साल 2013 में आई इस डॉक्यूमेंट्री को सश्रुत जैन ने बनाया था।

आईपीएल में छोड़ी छाप: पृथ्वी शॉ को साल 2018 में 1.2 करोड़ रुपये में दिल्ली डेयरडेविल्स की टीम ने खरीदा था। पहले ही आईपीएल में पृथ्वी ने गजब का प्रदर्शन किया था और संजू सैमसन के सबसे कम उम्र में अर्धशतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

भारत को बनाया अंडर-19 चैंपियन: पृथ्वी शॉ की कप्तानी में भारतीय टीम ने अंडर-19 विश्व कप अपने नाम किया था। फाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर 8 विकेट से खिताब जीता था।

डेब्यू मैच में छाए पृथ्वी शॉ: पृथ्वी शॉ ने डेब्यू मैच में तीसरा सबसे तेज शतक लगाया था। पृथ्वी शॉ डेब्यू मैच में सबसे तेज शतक लगाने से सिर्फ शिखर धवन और ड्वेन स्मिथ से पीछे थे।

काउंटी में दिखाया जलवा: पृथ्वी शॉ ने इंग्लैंड काउंटी में लीसेस्टरशायर की तरफ से पहले ही लिस्ट ए मैच में 132 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी।

साफ है पृथ्वी शॉ जिस तरह से छोटी सी उम्र में बड़े कारनामे करते आ रहे हैं उससे हर किसी को उम्मीद है कि वो आने वाले समय में बुलंदियों को छुएंगे और इतिहास रचेंगे। इंडिया टीवी की तरफ से पृथ्वी शॉ को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल