गॉल: टेस्ट डेब्यू में कई खिलाड़ियों पर इसका दबाव हावी हो जाता है लेकिन हार्दिक पांड्या को लगा कि वह टेस्ट मैच की अपनी पहली पारी के दौरान वनडे मैच में खेल रहे थे। पंड्या ने 49 गेंद में 50 रन बनाए जिससे भारत ने तेजी से 600 रन जोड़े और कप्तान विराट कोहली को पहले टेस्ट में श्रीलंकाई बल्लेबाजों को पवेलियन भेजने के लिए अतिरिक्त ओवर मिल गए।
पंड्या से उनके पहले टेस्ट से पहले की तैयारियों के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा, ‘यहां तक कि जब मैं बल्लेबाजी कर रहा था तो मुझे लग रहा था कि मैं वनडे में बल्लेबाजी कर रहा हूं। मेरे लिए परिस्थितियां बिलकुल परफेक्ट थीं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के तौर पर आपको तैयारियों के मामले में थोड़ा स्मार्ट बनने की जरूरत होती है। फॉर्मैट में बदलाव करते हुए मानसिकता में बदलाव की जरूरत होती है, लेकिन आमतौर पर स्किल में कोई बदलाव नहीं होता।’ पंड्या ने कहा कि वह युवराज सिंह की एक ओवर में 6 छक्के लगाने की उपलब्धि हासिल करना चाहेंगे। उनके सीनियर चेतेश्वर पुजारा को लगता है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय बन सकते हैं।
पुजारा ने पंड्या से पूछा कि क्या उन्होंने कभी 6 छक्के मारने की सोचा है तो उन्होंने कहा, ‘मैंने एक ओवर में छह छक्के लगाने के बारे में नहीं सोचा। मैंने 3 गेंद में 3 छक्के लगाए थे लेकिन चौथा छक्का लगाने का प्रयास नहीं किया क्योंकि इसकी जरूरत नहीं थी। अगर किसी दिन ऐसी स्थिति आती है जहां मैं सभी 6 गेंद पर छक्के लगा सकता हूं तो मैं ऐसा जरूर करूंगा।’