1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. वनडे में वापसी को लेकर बेताब रहाणे बोले- मुझे बस टेस्ट में अच्छा करने की जरूरत

वनडे में वापसी को लेकर बेताब रहाणे बोले- मुझे बस टेस्ट में अच्छा करने की जरूरत

 Reported By: IANS
 Published : Nov 12, 2019 07:13 pm IST,  Updated : Nov 12, 2019 07:13 pm IST

भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा है कि अगर वह टेस्ट में लगातार रन करते रहे तो वनडे टीम में वापसी कर सकते हैं।

ind v ban- India TV Hindi
वनडे में वापसी को लेकर बेताब रहाणे बोले- मुझे बस टेस्ट में अच्छा करने की जरूरत 

इंदौर| भारतीय टेस्ट टीम के उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा है कि अगर वह टेस्ट में लगातार रन करते रहे तो वनडे टीम में वापसी कर सकते हैं। रहाणे ने अपना अंतिम वनडे मैच फरवरी-2018 में दक्षिण अफ्रीका दौरे पर खेला था। भारत को बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी हैं जिसकी शुरुआत गुरुवार से हो रही है।

रहाणे ने यहां मंगलवार को कहा, "मुझे बस टेस्ट में अच्छा करने की जरूरत है। मुझे लगातार रन करने हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि मैं वनडे टीम में वापसी कर सकता हूं।" उन्होंने कहा, "यह सिर्फ अपने आप पर विश्वास करने और आत्मविश्वास रखने की बात है। मुझे वर्तमान में बने रहने से मदद करेगी। मैं अगर टेस्ट में रन कर सका तो मैं निश्चित तौर पर वनडे में वापसी कर सकता हूं।"

रहाणे ने भारत के लिए 90 वनडे खेले हैं और 35.26 की औसत से 2962 रन बनाए हैं। वनडे में रहाणे ने तीन शतक और 24 अर्धशतक जमाए हैं। भारतीय टीम टेस्ट में नंबर-1 है और बांग्लादेश से पहले उसने अपने घर में ही दक्षिण अफ्रीका को तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया है। रहाणे ने हालांकि कहा है कि उनकी टीम बांग्लादेश को टेस्ट में हल्के में नहीं लेगी।

उन्होंने कहा, "बांग्लादेश काफी अच्छी टीम है। वह एक ईकाई की तरह खेलते हैं। हम अपनी विपक्षी टीम के बारे में सोचने के बजाए अपने मजबूत पक्ष के बारे में सोचते हैं। टेस्ट चैम्पियनशिप के आने से अब हर मैच अहम हो गया है।"

उन्होंने कहा, "हम इस समय इंदौर टेस्ट पर ध्यान दे रहे हैं। मुझे लगता है कि हमने दक्षिण अफ्रीका के साथ अच्छा खेला, लेकिन एक टीम के नाते हमें वर्तमान में रहने की जरूरत है और हम अपने प्रतिद्वंद्वी को हल्के में नहीं ले सकते।"

भारत और बांग्लादेश के बीच दूसरा मैच 22 नवंबर से कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा जो दिन-रात प्रारूप का होगा। यह दोनों टीमों का दिन-रात प्रारूप का पहला टेस्ट मैच होगा। टीम प्रबंधन ने मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) से फ्लड लाइट्स में अभ्यास सत्र आयोजित करने की अपील की है ताकि वह कोलकाता टेस्ट मैच की तैयारी कर सकें।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल