1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. महिला टी20 विश्व कप सेमीफाइनल (प्रिव्यू): इंग्लैंड से बदला लेने उतरेगी भारतीय महिला टीम

महिला टी20 विश्व कप सेमीफाइनल (प्रिव्यू): इंग्लैंड से बदला लेने उतरेगी भारतीय महिला टीम

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Nov 21, 2018 04:37 pm IST,  Updated : Nov 21, 2018 04:37 pm IST

इंग्लैंड ने 50 ओवरों के विश्व कप के रोमांचक फाइनल में भारतीय टीम को नौ रन से हराया था और ऐसे में महिला टीम इंडिया के सामने उस हार का बदला लेने की चुनौती होगी।

Indian Women's Cricket Team- India TV Hindi
Indian Women's Cricket Team Image Source : @VIRENDERSEHWAG

अब तक बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली भारतीय महिला टीम आईसीसी महिला विश्व टी20 के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से भिड़ती नजर आएगी। दोनों देशों के बीच ये मैच भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह 5:30 बजे से शुरू होगा। इंग्लैंड ने 50 ओवरों के विश्व कप के रोमांचक फाइनल में भारतीय टीम को नौ रन से हराया था और ऐसे में महिला टीम इंडिया के सामने उस हार का बदला लेने की चुनौती होगी। भारतीय महिला टीम ने भी विश्व टी20 में अब तक अपने प्रशंसकों को निराश नहीं किया और अजेय रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत ने न्यूजीलैंड की मजबूत टीम को 34 रन से और फिर ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराया। इस तरह से वो लीग चरण में अपने सभी मैच जीतने में सफल रहा।

लेकिन मौजूदा विश्व वनडे चैंपियन इंग्लैंड की टीम काफी मजबूत है और पिछले साल लार्ड्स में मिली हार भारतीय महिला टीम की दो दिग्गजों मिताली राज और हरमनप्रीत कौर के दिमाग में रहेगी। कप्तान हरमनप्रीत का प्रदर्शन भारत की सफलता में अहम भूमिका निभाएगा क्योंकि उन्होंने जरूरत पड़ने पर अच्छा खेल दिखाया है। मोगा में जन्मी ये खिलाड़ी बड़े मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए जानी जाती हैं। यहां तक कि मौजूदा विश्व टी20 में भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने शतक जमाया जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 43 रन की तेजतर्रार पारी खेली।

उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक चार मैचों में सर्वाधिक 167 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 177 है। भारत की एक अन्य बल्लेबाज स्मृति मंदाना ने 144 रन बनाए हैं और वो सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर हैं। इंग्लैंड के खिलाफ भारत अपनी सबसे अनुभवी खिलाड़ी मिताली को अंतिम एकादश में रखेगा। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम लीग मैच में आराम दिया गया था। आयरलैंड के खिलाफ फील्डिंग के दौरान वो चोटिल हो गई थीं। उन्हें स्पिनर अनुजा पाटिल की जगह टीम में रखा जाएगा। मिताली का शीर्ष क्रम में प्रदर्शन काफी अहम साबित होगा। 

रमेश पोवार की कोचिंग में टीम का एक तेज गेंदबाज के साथ खेलने की रणनीति अब तक कारगर साबित हुई है क्योंकि भारतीय स्पिनरों ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई है। लेग स्पिनर पूनम यादव (आठ विकेट) और बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव (सात विकेट) ने लगातार अच्छा खेल दिखाया है। ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा (चार विकेट) और दयालन हेमलता (पांच विकेट) ने भी कसी हुई गेंदबाजी की है।

भारत की तेज गेंदबाजों अरूंधती रेड्डी (दस ओवर) और मानसी जोशी (तीन ओवर) ने अब तक चार मैचों में केवल 13 ओवर किये हैं। भारत ने हालांकि लीग चरण के अपने मैच एक ही स्थान प्रोविडेन्स (गयाना) में खेले थे और अब उसे अलग स्थान पर दिन रात्रि मैच खेलना होगा। इंग्लैंड का ध्यान अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण पर रहेगा जिसमें अन्या श्रबसोले (सात विकेट) और नताली साइवर (चार विकेट) शामिल हैं। इन दोनों ने काफी कसी हुई गेंदबाजी की है और बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका को 100 रन तक भी नहीं पहुंचने दिया। 

बल्लेबाजी में डेनी वैट (तीन मैचों में 28 रन) और कप्तान हीथर नाइट (तीन मैचों में 31 रन) को अभी तक खास मौका नहीं मिला है। केवल वेस्टइंडीज के खिलाफ उसकी सभी बल्लेबाजों को अवसर मिला लेकिन टीम आठ विकेट पर 115 रन ही बना पाई और चार विकेट से मैच हार गई। 

दोनों टीमें इस प्रकार हैं: 

भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, जेमिमा रॉड्रिग्स, मिताली राज, दीप्ति शर्मा, दयालन हेमलता, वेदा कृष्णमूर्ति, अरुंधती रेड्डी, राधा यादव, पूनम यादव, एकता बिष्ट, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), मानसी जोशी, देविका वैद्य/अनुजा पाटिल।

इंग्लैंड: हीथर नाइट (कप्तान), टैमी बीमोंट, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, ताश फर्रान, किर्स्टी गॉर्डन, जेनी गुन, डेनियल हैज़ेल, एमी जोन्स, नताली साइवर, अन्या श्रबसोले, लिन्सी स्मिथ, फ्रैंक विल्सन, लॉरेन विनफील्ड, डेनियल वैट।

मैच भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह पांच बजकर 30 मिनट से शुरू होगा। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल