1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs AUS : टी20 में मजबूत है ऑस्ट्रेलिया के सामने टीम इंडिया के आकड़ें, करना चाहेगी जीत से आगाज

IND vs AUS : टी20 में मजबूत है ऑस्ट्रेलिया के सामने टीम इंडिया के आकड़ें, करना चाहेगी जीत से आगाज

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 04, 2020 08:01 am IST,  Updated : Dec 04, 2020 08:01 am IST

भारतीय टीम शुक्रवार को मनुका ओवल मैदान से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज करेगी।

India vs Australia- India TV Hindi
India vs Australia Image Source : AP

कैनबरा| तीसरे और आखिरी वनडे में सम्मानजनक जीत हासिल करने बाद भारतीय टीम शुक्रवार को मनुका ओवल मैदान से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज करेगी। ऑस्ट्रेलिया ने वनडे सीरीज पर 2-1 से कब्जा किया। शुरुआती दो मैचों में जीत हासिल करने के बाद ऑस्ट्रेलिया को मनुका ओवल मैदान पर खेले गए तीसरे वनडे में हार मिली थी। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 13 रनों से हराया था और इस जीत से उसका आत्मविश्वास ऊपर होगा।

टीम की जीत में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने वाले शार्दूल ठाकुर हालांकि इस मैच में नहीं खेलेंगे। टीम प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि जो खिलाड़ी सिर्फ टी-20 सीरीज के लिए चुने गए हैं, वही इस सीरीज में खेलेंगे। इसका मतलब है कि ठाकुर के अलावा 57 रन देकर एक विकेट लेने वाले स्पिनर कुलदीप यादव और बतौर सलामी बल्लेबाज 39 गेंदों पर 33 रन बनाने वाले शुभमन गिल भी इस सीरीज में तब तक नहीं खेल पाएंगे, जब तक कोई खिलाड़ी चोटिल न हो। ठाकुर, कुलदीप और गिल वनडे टीम में चुने गए थे।

ऑस्ट्रेलिया में हालांकि भारत का टी-20 रिकार्ड अच्छा है। भारत ने अभी तक ऑस्ट्रेलिया में नौ मैच खेले हैं, जिसमें से पांच बार भारत को जीत मिली है। ऑस्ट्रेलिया तीन बार जीती है, जबकि एक मैच का परिणाम नहीं निकल सका था। एक अहम बात यह है कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया में कभी भी टी-20 सीरीज नहीं गंवाई है।

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने पहले वनडे में मिली हार के बाद भारतीय खिलाड़ियों की टी-20 मोड से वनडे मोड में न आने को लेकर आलोचना की थी। ठाकुर ने भी बुधवार को माना कि दोनों प्रारूप काफी अलग हैं। ऑस्ट्रेलिया और भारत दोनों खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही है कि खिलाड़ी 48 घंटों के भीतर कैसे वनडे से अपने आप को टी-20 प्रारूप के ढालते हैं। खिलाड़ियों ने हालांकि एक महीने पहले ही आईपीएल का लंबा सीजन खेला था, लेकिन तीन मैचों की वनडे सीरीज ने उन्हें 50 ओवरों के प्रारूप में ढाल दिया।

यह भी पढ़ें- इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में फाफ डु प्लेसिस को दिया गया आराम

ठाकुर ने अलग-अलग प्रारूपों में रमने को लेकर आने वाली मुश्किलों के बारे में कहा था, "निश्चित तौर पर यह मुश्किल है। यह अलग प्रारूप है और 50 ओवरों में अलग तरह की क्रिकेट खेली जाती है। खेल काफी तेजी से शुरू होता है। 10 ओवर का पावरप्ले होता है। फिर यह मध्य में धीमा होता जाता है इसके बाद आप फिर 35-40 ओवरों में बल्लेबाजी तेजी से रन बनाते हुए देखते हैं। 40 ओवरों के बाद पाबंदियां खत्म हो जाती हैं और आपके पास घेरे के बाहर एक और फील्डर होता है। इसलिए मैच ऊपर-नीचे होता रहता है।" 

यह भी पढ़ें- भारत के लिए डेब्यू करना और क्रिकेट खेलना शानदार अनुभव रहा - टी. नटराजन

भारत के पास हालांकि टी-20 के लिए अलग टीम है, लेकिन 16 में से 14 खिलाड़ी वही हैं जो वनडे टीम में थे। दीपक चहर और वॉशिंगटन सुंदर टी-20 टीम का हिस्सा हैं।

यह भी पढ़ें- वीवीएस लक्ष्मण ने विराट कोहली को बताया अविश्वसनीय खिलाड़ी

ऑस्ट्रेलिया की वनडे और टी-20 टीम एक ही हैं।

टीमें :-

भारत : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, मयंक अग्रवाल, लोकेश राहुल (उप-कप्तान, विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, नवदीप सैनी, दीपक चहर, टी.नटराजन।

ऑस्ट्रेलिया : एरॉन फिंच (कप्तान), सीन एबॉट, एश्टन एगर, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस (उप-कप्तान), कैमरून ग्रीन, जोश हेजलवुड, मोइजेज हेनरिक्स, मार्नस लाबुशैन, ग्लेन मैक्सवेल, डेनियल सैम्स, एंड्रयू टाई, स्टीव स्मिथ, मैथ्यू वेड, मिशेल स्टार्क, एडम जाम्पा।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल