1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. IND vs ENG 2nd Test : लॉर्ड्स टेस्ट के लिए लंदन रवाना हुई टीम इंडिया, गांगुली भी रहेंगे मौजूद

IND vs ENG 2nd Test : लॉर्ड्स टेस्ट के लिए लंदन रवाना हुई टीम इंडिया, गांगुली भी रहेंगे मौजूद

 Reported By: Bhasha
 Published : Aug 09, 2021 06:19 pm IST,  Updated : Aug 09, 2021 06:19 pm IST

भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली के भी लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान मौजूद रहने की खबर है क्योंकि ब्रिटेन की सरकार ने भारत से आने वाले लोगों को ‘लाल’ सूची से हटा दिया है। 

IND vs ENG 2nd Test: Team India left for London for Lord's Test, Ganguly will also be present- India TV Hindi
IND vs ENG 2nd Test: Team India left for London for Lord's Test, Ganguly will also be present Image Source : GETTY IMAGES

लंदन। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स मैदान पर खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम लंदन रवाना हो गयी जबकि चोटिल खिलाड़ियों की जगह लेने वाले सूर्यकुमार यादव और पृथ्वी शॉ नॉटिंघम में ही अपना पृथकवास पूरा कर रहे है। भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष सौरव गांगुली के भी लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान मौजूद रहने की खबर है क्योंकि ब्रिटेन की सरकार ने भारत से आने वाले लोगों को ‘लाल’ सूची से हटा दिया है। यह पता चला है कि आरटी-पीसीआर जांच में सभी खिलाड़ियों की रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद भारतीय दल स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11 बजे लंदन के लिए रवाना हुआ। दूसरा टेस्ट 12 अगस्त से शुरू हो रहा है। 

शॉ और सूर्यकुमार तीन अगस्त को नॉटिंघम में टीम से जुड़े थे। उनका 10 दिवसीय पृथकवास 13 अगस्त को पूरा होगा। इसका यह मतलब हुआ कि वे 14 अगस्त से अभ्यास शुरू कर सकेंगे और और 25 अगस्त से लीड्स में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध होंगे। दूसरे और तीसरे टेस्ट के बीच नौ दिन के अंतर से निश्चित रूप से दोनों को अभ्यास और मैच के लिए तैयार होने का पर्याप्त मौका मिलेगा। इससे टीम प्रबंधन के पास अंतिम 11 के चयन के लिए अधिक विकल्प होगा। 

ब्रिटेन ने रविवार को भारत का नाम “लाल” सूची से हटाकर ‘ऐंबर” सूची में डालने के साथ ही देश के लिए यात्रा प्रतिबंधों में ढील दी। जिसके बाद गांगुली लॉर्ड्स में दूसरा टेस्ट देखने के लिए मंगलवार को लंदन के लिए रवाना होने वाले हैं। ‘ऐंबर’ सूची का मतलब यह हुआ कि कोविड-19 टीके की सभी खुराकें ले चुके भारतीय यात्रियों के लिए अब ब्रिटेन पहुंचने पर 10 दिन तक होटल में पृथकवास में रहना अनिवार्य नहीं होगा यह भी उम्मीद है कि सचिव जय शाह, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, कोषाध्यक्ष अरुण धूमल श्रृंखला के दौरान किसी समय भारतीय टीम को खेलते हुए देखने के लिए ब्रिटेन में हो सकते हैं। 

बीसीसीआई के सूत्र ने बताया, ‘‘किसी भी पदाधिकारी के लिए 10 दिनों तक पृथकवास पर रहना काफी मुश्किल था क्योंकि इससे उनका व्यस्त कार्यक्रम प्रभावित होता।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘ यात्रा प्रोटोकॉल में खासतौर पर पृथकवास को लेकर ढील दी गई है, ऐसे में हमारे पदाधिकारी अगर चाहें तो अब वहां जा सकते हैं।’’

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल