गाले: रविचंद्रन अश्विन (46-6) की बदौलत भारत ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला के पहले टेस्ट के पहले दिन बुधवार को श्रीलंका की पहली पारी 183 रनों पर समेट दी और उसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक दो विकेट पर 128 रन बना लिए। पहले दिन का खेल समाप्त होने पर कप्तान विराट कोहली (नाबाद 45), शिखर धवन (नाबाद 53) के साथ नाबाद लौटे।
हालांकि पहला दिन पूरी तरह अश्विन के नाम रहा। अश्विन ने श्रीलंका में किसी भारतीय द्वारा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 46 रन देकर छह विकेट चटकाए। अश्विन ने हरभजन सिंह (102-6) के पूर्व कीर्तिमान को ध्वस्त किया।
भारत से बाहर किसी भारतीय स्पिन गेंदबाज का टेस्ट की पहली पारी में यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है।
भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही। 10वें ओवर तक 28 के स्कोर पर लोकेश राहुल (7) और रोहित शर्मा (9) के विकेट गंवाने के बाद दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी कर भारत को संभाल लिया।
इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम पूरी तरह पटरी से उतरी नजर आई और पूरी श्रीलंकाई दूसरे सत्र तक 49.4 ओवरों में 183 रन पर ढेर हो गई।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम को पहला झटका इशांत शर्मा ने सातवें ओवर की पांचवीं गेंद पर 15 के कुल योग पर दिया।
दिमुथ करुणारत्ने (9) रहाणे के हाथों लपके गए। श्रीलंका अभी पहले झटके से उबर भी नहीं सका था कि अगले ही ओवर में इसी योग पर वरुण एरॉन ने कौशल सिल्वा (5) को पवेलियन की राह दिखा दी।
एरॉन की बाउंसर पर सिल्वा पूरी तरह बीट हो गए और शिखर धवन की ओर गेंद उछाल बैठे।
इसके बाद करियर की विदाई श्रृंखला खेल रहे कुमार संगकारा (5), लाहिरु थिरिमान्ने (13) के साथ अभी 12 रन ही जोड़ पाए थे गेंदबाजी आक्रमण पर पहली बार बुलाए गए अश्विन ने अपने पहले ही ओवर में संगकारा की पारी पर विराम लगा दिया।
अश्विन ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी करते हुए छह ओवर के अपने पहले स्पेल में 15 रन देकर तीन विकेट चटका डाले। श्रीलंका 21.3 ओवरों में 60 रन स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा चुकी थी।
पहले सत्र में पांच विकेट गंवा चुकी श्रीलंकाई टीम के लिए इसके बाद कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (64) ने दिनेश चांडिमल (59) के साथ छठे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी कर टीम को कुछ हद तक स्थिरता प्रदान की।
भारत को अंतत: छठी सफलता अश्विन ने ही दिलाई। अश्विन ने मैथ्यूज को रोहित शर्मा के हाथों कैच करा इस साझेदारी को तोड़ा। मैथ्यूज ने 92 गेंदों की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया।
अपने अगले ही ओवर में अश्विन ने धम्मिका प्रसाद को खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया और अपना पांचवां विकेट हासिल किया। धम्मिका 155 के कुल स्कोर पर पगबाधा करार दिए गए।
चांडीमल ने इसके बाद रंगाना हेराथ (23) के साथ आठवें विकेट के लिए 24 रनों की साझेदारी निभाई और इस बीच अपना अर्धशतक पूरा किया।
अमित मिश्रा ने अपने छठे ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर लगातार चांडीमल और थारिंडु कौशल के विकेट चटका डाले।
रंगना हेराथ के रूप में 50वें ओवर की चौथी गेंद पर 183 के कुल योग पर श्रीलंका का आखिरी विकेट गिरा। हेराथ, अश्विन का छठा शिकार हुए।