मीरपुर: भारत ने शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में वर्षा से बाधित दूसरे एकदिवसीय मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान बांग्लादेश के सामने 201 रनों का लक्ष्य रखा है। पहले मैच के हीरो रहे मुस्ताफिजुर रहमान (43/6) की उम्दा गेंदबाजी ने मजबूत भारतीय बल्लेबाजी को एक बार फिर धराशायी कर दिया और पूरी भारतीय टीम 45 ओवरों में 200 रन बनाकर आउट हो गई।
बारिश के कारण जाया हुए समय की भरपाई के कारण इस मैच को प्रति पारी 47 ओवरों का निर्धारित किया गया है।
नासिर हुसैन और रुबेल हुसैन ने दो-दो विकेट हासिल किए। शिखर धवन ने भारत की ओर से सर्वाधिक 53 रनों की पारी खेली। उन्होंने 60 गेंदों की पारी में सात चौके लगाए।
कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 75 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, सुरेश रैना ने 34 रनों का योगदान दिया।
तीन मैचों की सीरीज में भारत 0-1 से पीछे है। उसने पहला मैच 79 रनों से गंवा दिया था।