विशाखापत्तनम: टीम इंडिया ने 13.5 ओवर में 9 विकेट हाथ में रहते हुए 83 रन के आसान लक्ष्य को हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 2-1 से सीरीज भी अपने नाम कर ली। टीम इंडिया की तरफ से सबसे ज्यादा रन शिखर धवन (36) ने बनाए, इसके अलावा रहाने ने नाबाद रहकर 22 रन जोड़े। टीम इंडिया को मात्र एक विकेट गंवाना पड़ा, रोहित शर्मा शुरुआत में ही 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए थे।
श्रीलंका पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद पहले ओवर में लड़खड़ा गया। अश्विन शुरू से हावी हो गए और बाकी गेंदबाजों ने भी उनका पूरा साथ दिया। इससे श्रीलंका की टीम 18 ओवर में 82 रन पर ढेर हो गई जो उसका टी20 में न्यूनतम स्कोर है। भारत ने 13.5 ओवर में एक विकेट पर 84 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। तीसरा और आखिरी मैच भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के लिए याद किया जाएगा। श्रीलंका के केवल दो बल्लेबाज दोहरे अंक में पहुंचे जिनमें दासुन शनाका ने सर्वाधिक 19 रन बनाए। अश्विन के अलावा भारत की तरफ से सुरेश रैना ने दो ओावर में छह रन देकर दो विकेट लिए। जसप्रीत बमराह, रविंद्र जडेजा और आशीष नेहरा ने भी एक-एक विकेट हासिल किया।
भारत ने सहज शुरूआत की। शुरू में धवन ने गेंद को सीमा रेखा के दर्शन कराए जबकि रोहित शर्मा (13) ने सचित्रा सेनानायके पर छक्का जड़कर अपने हाथ खोले। उन्होंने दुशमंत चमीरा का स्वागत चौके से किया लेकिन अगली गेंद पर पगबाधा आउट हो गये। हालांकि तब लग रहा था कि गेंद उनके बल्ले को स्पर्श करके पैड पर लगी है। पिच से स्पिनरों को मदद मिल रही थी और भारतीय बल्लेबाजों ने लक्ष्य कम होने के कारण किसी तरह का जोखिम लेना उचित नहीं समझा। बीच में कुछ ओवर तक गेंद सीमा रेखा तक नहीं पहुंची लेकिन स्कोर आगे बढ़ता रहा। आखिर में धवन ने अपना पहला मैच खेल रहे आलराउंडर असेला गुणरत्ने की लगातार गेंदों पर पहले लांग आफ पर छक्का और फिर कवर पर विजयी चौका जड़ा। उन्होंने अपनी पारी में 46 गेंदें खेली तथा पांच चौके और एक छक्का लगाया। इस तरह से भारत ने लगातार दो मैच जीतकर विश्व टी20 चैंपियनशिप से पहले घरेलू पिचों पर अपने अभियान का शानदार आगाज किया। ये दोनों टीमें विश्व कप से पहले अब 24 फरवरी से शुरू होने वाले एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में भाग लेंगी।