1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. Video: मैच के बाद विराट कोहली-टिम पेन के बीच दिखीं तल्खियां, तीसरे टेस्ट का पारा हो सकता है गर्म

Video: मैच के बाद विराट कोहली-टिम पेन के बीच दिखीं तल्खियां, तीसरे टेस्ट का पारा हो सकता है गर्म

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Dec 18, 2018 11:39 am IST,  Updated : Dec 18, 2018 12:31 pm IST

विराट कोहली और टिम पेन के बीच दूसरे टेस्ट मैच के दौरान काफी कहासुनी हुई थी और मैच के बाद दोनों के वीडियो ने एक नई बहस छेड़ दी है।

Tim Paine and Virat Kohli- India TV Hindi
Tim Paine and Virat Kohli Image Source : GETTY IMAGES

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला गया दूसरा टेस्ट मैच मेजबान टीम ने अपने नाम कर लिया और ये जीत कंगारुओं के लिए बेहद राहत भरी रही क्योंकि इससे उन्होंने सीरीज में वापसी करने में कामयाबी पाई। लेकिन मैच के बाद एक वीडियो ने हर किसी का ध्यान अपनी तरफ खींचा। ये वीडियो भारतीय कप्तान विराट कोहली और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन के हाथ मिलाने का है। मैच के बाद जब दोनों देशों के खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे तभी कोहली और पेन भी हाल मिलाने को आगे आए।

लेकिन ये साफ नजर आ रहा था कि दोनों का हाथ मिलाना महज एक औपचारिकता है। क्योंकि दोनों ने हाथ तो आगे बढ़ाए और मिलाया भी लेकिन जैसे ही पेन ने कुछ बोलने की कोशिश की और उनके कंधे पर हाथ रखा वैसे ही कोहली ने अपना मुंह घुमा लिया और आगे बढ़ने लगे। यहां तक कि हाथ मिलाने के दौरान भी दोनों के चेहरों पर कोई खुशी नहीं बल्कि गुस्सा झलक रहा था।

जब कोहली की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो पेन ने भी आखिर में अपना चेहरा घुमा लिया और दोनों आगे बढ़ गए। साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि दूसरे टेस्ट में दोनों के बीच की कहासुनी का असर मैच के बाद भी देखने को मिला। 

आपको बता दें कि कोहली और पेन के बीच दूसरे टेस्ट में काफी जुबानी जंग देखने को मिली थी और हालात इतने खराब हो गए थे कि अंपायरों को भी बीच-बचाव करने आना पड़ा था। भारतीय टीम की दूसरी पारी के दौरान जब मुरली विजय बल्लेबाजी कर रहे थे तो पेन ने उनसे कहा, 'मुझे पता है कि वो तुम्हारे कप्तान हैं लेकिन एक इंसान के तौर पर तुम उन्हें पसंद नहीं करते।' अब जिस तरह से इन दोनों का वीडियो सामने आया है उससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि मेलबर्न में खेला जाने वाले टेस्ट का पारा बेहद गर्म रहने वाला है।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल