1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. शिखर धवन को यकीन है कि भारतीय गेंदबाज फिर कसेंगे ऑस्ट्रेलियाई ओपनरों पर नकेल

शिखर धवन को यकीन है कि भारतीय गेंदबाज फिर कसेंगे ऑस्ट्रेलियाई ओपनरों पर नकेल

 Written By: India TV Sports Desk
 Published : Jan 17, 2019 02:45 pm IST,  Updated : Jan 17, 2019 02:45 pm IST

शिखर धवन ने भरोसा जताया कि टीम के गेंदबाज एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया के ओपनरों पर लगाम लगाने में कामयाब रहेंगे।

Team India- India TV Hindi
Team India Image Source : GETTY IMAGES

भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले तीसरे और आखिरी वनडे से पहले कहा है कि उनकी टीम ऑस्ट्रेलियाई ओपनरों पर नकेल कसना जारी रखेगी और फिर से उनके ओपनर बल्लेबाजों को सस्ते में पवेलियन लौटा देगी। धवन ने ये भी माना कि भारतीय टीम ने एरोन फिंच की कमजोरी को पकड़ा है और पूरे दौरे पर उन्हें खामोश रखने में कामयाबी पाई है। धवन ने कहा, 'भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी दोनों बेहद अनुभवी गेंदबाज हैं। यही कारण है कि पहले 10 ओवरों में हम शानदार खेल दिखाते हैं।'

धवन ने आगे कहा, 'हालांकि एक खिलाड़ी के तौर पर हम उनकी इज्जत करते हैं और मानते हैं कि वो बहुत बड़े खिलाड़ी हैं। हमें हमेशा उनके खिलाफ सचेत रहने की जरूरत रहती है। हमारी टीम ने उनकी कमजोरी को पकड़ा है और उस पर उन्होंने अमल भी किया है। हमारे गेंदबाज फिंच को ना तो आसानी से रन भागने देते हैं और ना ही चौके लगाने देते हैं।'

धवन ने कहा, 'आप जब किसी बल्लेबाज पर लगातार दबाव बनाते हैं तो वो कुछ अलग और ज्यादा करने की कोशिश करता है। वो सोचता है कि कैसे वो रन बनाए और इस दौरान हमारे पास उसका विकेट लेने का मौका होगा।'

आपको बता दें कि शुरुआती दोनों वनडे मैचों में फिंच कुछ भी नहीं कर सके हैं और दोनों बार उन्हें भुवनेश्वर कुमार ने अपना शिकार बनाया है। फिंच लगातार भारत के खिलाफ संघर्ष करते दिखे हैं और अब तक पूरे दौरे पर अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल