सिडनी में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले को मेजबानों ने 12 रनों से जीत लिया है। ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन निर्धारित 20 ओवर में टीम इंडिया 174 ही रन बना सकी। भारत की ओर से विराट कोहली ने 85 रन की सर्वाधिक पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। केएल राहुल बिना खाता खोले मैक्सवेल का शिकार बने थे। गब्बर (28) ने थोड़े रन जुटाए, लेकिन वह उसे बड़े स्कोर में तबदील नहीं कर पाए। कोहली का साथ कोई नहीं दे पाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्वेपसन ने तीन विकेट लिए
भारत ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। ऑस्ट्रेलिया की टीम में इस मैच में एरोन फिंच की वापसी हुई थी, लेकिन वह बिना खाता खोले वॉशिंगटन सुंदर का शिकार बने। इसके बाद सलामी बल्लेबाज मैथ्यू वेड ने स्टीव स्मिथ (24) के साथ दूसरे विकेट के लिए 65 रन जोड़े। स्मिथ को सुंदर के क्लीन बोल्ड कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद मैक्सवेल ने आकर भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। मैक्सवेल ने 36 गेंदों पर 3 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 54 रन जड़े, वहीं वेड ने 53 गेंदों पर 7 चौकों और दो छक्कों की मदद से 80 रन बनाए। दोनों खिलाड़ियों के बीच तीसरे विकेट के लिए 90 रन जोड़े। ऑस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 186 रन बनाए।