1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. मिचेल जॉनसन ने विराट को जमकर सुनाई खरी-खोटी, कहा- अपनी जुबान से पलट गए भारतीय कप्तान

मिचेल जॉनसन ने विराट को जमकर सुनाई खरी-खोटी, कहा- अपनी जुबान से पलट गए भारतीय कप्तान

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 19, 2018 03:29 pm IST,  Updated : Dec 19, 2018 03:29 pm IST

कोहली और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन को शब्दिक जंग में उलझते हुए देखा गया जिसके कारण एक समय अंपायर क्रिस गफाने को भी तनाव कम करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा।

मिचेल जॉनसन ने विराट को जमकर सुनाई खरी-खोटी, कहा- अपनी जुबान से पलट गए भारतीय कप्तान- India TV Hindi
मिचेल जॉनसन ने विराट को जमकर सुनाई खरी-खोटी, कहा- अपनी जुबान से पलट गए भारतीय कप्तान Image Source : GETTY IMAGES

पर्थ। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन ने भारतीय कप्तान विराट कोहली को निशाना बनाते हुए यहां दूसरे टेस्ट के दौरान उनके बर्ताव को ‘अपमानजनक’ और ‘मूर्खतापूर्ण’ बताया है। कोहली और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन को शब्दिक जंग में उलझते हुए देखा गया जिसके कारण एक समय अंपायर क्रिस गफाने को भी तनाव कम करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा। हालांकि दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की 146 रन की जीत के बाद दोनों कप्तानों ने इस मुद्दे को तूल नहीं देते हुए कहा था कि कोई सीमा नहीं लांघी गई। 

लेकिन जॉनसन ने टेस्ट मैच के दौरान कोहली के बर्ताव की कड़ी आलोचना की। जॉनसन ने फाक्स स्पोर्ट्स पर अपने कालम में लिखा, ‘‘मैच के अंत में आप एक दूसरे से आंखें मिलाने, हाथ मिलाने और यह कहने की स्थिति में होने चाहिए कि शानदार मुकाबला रहा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘विराट कोहली ने टिम पेन के साथ ऐसा नहीं किया। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के साथ हाथ मिलाए लेकिन बामुश्किल आंखें मिलाई। मेरे लिए यह अपमानजनक है।’’ 

जॉनसन ने लिखा, ‘‘कोहली अधिकांश क्रिकेटरों से अधिक दूर रहा है और ऐसा इसलिए है क्योंकि वो विराट कोहली है। वो एक स्तर पर है लेकिन इस टेस्ट में भारतीय कप्तान बेवकूफाना लगा।’’ बीसीसीआई मंगलवार को कोहली के समर्थन में आया और ऑस्ट्रेलिया में इन खबरों को बकवास करार दिया कि कोहली को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज होने पर घमंड है जबकि ‘कार्यवाहक कप्तान’ बताकर पेन का उपहास उड़ाया गया। जॉनसन ने कहा कि कोहली अपने शब्दों पर कायम नहीं रहे जबकि सीरीज से पहले उन्होंने कहा था कि किसी भी तरह के टकराव की शुरुआत वो नहीं करेंगे।

 
उन्होंने कहा, ‘‘कोहली ने उन चीजों के विपरीत काम किया जो उन्होंने सीरीज की शुरुआत में कही थी। उसने कहा था कि वो बदल चुका है- कि वो पिछली बार की तुलना में अलग रवैये के साथ आया है और किसी चीज की शुरुआत नहीं करेगा। इस टेस्ट में हमने देखा कि इससे अलग हुआ।’’ कोहली ने पहली पारी में 123 रन रन बनाए लेकिन इसके बाद स्लिप में पीटर हैंड्सकोंब के विवादास्पद कैच का शिकार बने। 

जॉनसन कोहली से नाराज हैं कि आउट होने के बाद उन्होंने पर्थ के दर्शकों का अभिवादन स्वीकार नहीं किया जो उनके सम्मान में खड़े होकर ताली बजा रहे थे। 
उन्होंने कहा, ‘‘मेरी नजर में कैच आउट दिया गया और आपको यह स्वीकार करना होगा और आगे बढ़ना होगा। शतक जड़ने वाला खिलाड़ी होने के नाते आपको अभिवादन स्वीकार करना चाहिए था।’’ 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल