रांची: ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ ने कहा कि JSCA स्टेडियम की पिच पर पहले दो टेस्ट मैचों जैसी स्पिन मौजूद नहीं है जिसे ICC ने क्रमश: खराब और दोयम दर्जे की करार किया था। पिच के बारे में पूछने पर गुरुवार को सेंचुरी जड़ने वाले स्मिथ ने कहा, ‘गेंद यहां स्पिन नहीं हुई। पहले दो टेस्ट में, गेंद काफी स्पिन हुई थी। यहां उछाल निरंतर था और यहां कोई उतार-चढ़ाव भरा मूवमेंट नहीं था। हम पहली पारी में जितने चाहे उतने रन बना सकते हैं।’
खेल से जुड़ी ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने ग्लेन मैक्सवेल की काफी तारीफ की जो अपना पहला टेस्ट अर्धशतक जड़कर 82 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। स्मिथ ने कहा, ‘निश्चित रूप से 300 रन पर 4 विकेट के लिए हमें अच्छी साझेदारियां करनी थी। मैक्सी ने शानदार खेल दिखाया। वह अपनी रणनीति पर अडिग रहा और उसने खराब गेंदों को छोड़ दिया। यह अच्छी पिच है इसलिए हम यहां जितने रन बना सकते हैं, उतना अच्छा है। लेकिन कल हमारे लिये अहम दिन होगा।’
बेंगलुरू टेस्ट में हुए DRS विवाद के बारे में स्मिथ ने कहा कि वह आगे बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा, ‘आप बीते समय को पकड़कर नहीं रह सकते। मैं इससे बाहर आ गया हूं और कहा कि मैंने गलती की और मैं इससे आगे बढ़ गया हूं।’