1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. AUS vs IND : क्वारंटीन का समय पूरा करने के बाद नए होटल में पहुंची भारतीय टीम

AUS vs IND : क्वारंटीन का समय पूरा करने के बाद नए होटल में पहुंची भारतीय टीम

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 26, 2020 03:51 pm IST,  Updated : Nov 26, 2020 03:51 pm IST

भारतीय क्रिकेट टीम शहर के बाहरी हिस्सा में 14 दिन का पृथकवास पूरा करने के बाद गुरुवार को यहां नए होटल में जैविक रूप से सुरक्षित माहौल का हिस्सा बन गई।

India vs Australia: 'Soft quarantine' over, Team India checks into new hotel- India TV Hindi
India vs Australia: 'Soft quarantine' over, Team India checks into new hotel Image Source : TWITTER/BCCI

सिडनी। भारतीय क्रिकेट टीम शहर के बाहरी हिस्सा में 14 दिन का पृथकवास पूरा करने के बाद गुरुवार को यहां नए होटल में जैविक रूप से सुरक्षित माहौल का हिस्सा बन गई। भारत के बहुप्रतीक्षित ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत शुक्रवार को सिडनी क्रिकेट मैदान पर पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के साथ होगी। कोरोना वायरस महामारी के कारण इस मुकाबले के लिए सीमित संख्या में दर्शक मौजूद रहेंगे। 

मेहमान टीम के खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ पृथकवास के दौरान सिडनी ओलंपिक पार्क में ‘पुलमैन’ में रुका था जहां वे सिर्फ मैदान पर ट्रेनिंग के दौरान मिल पाते थे। साथ ही खिलाड़ियों को एक-दूसरे के पीछे बैठने की इजाजत नहीं थी और खिलाड़ियों की आवाजाही के लिए कई बसों का इस्तेमाल होता था। दो हफ्ते का पृथकवास पूरा करने के बाद भारतीय टीम होटल इंटर कॉन्टिनेंटल में चली गई है जहां टीम ऑस्ट्रेलिया के अपने पिछले दौरों के दौरान रुका करती थी।

ये भी पढ़ें - एरोन फिंच ने बताया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में रोहित शर्मा की जगह ले सकता है ये खिलाड़ी

जैविक रूप से सुरक्षित माहौल का हिस्सा बनने के बाद खिलाड़ी को थोड़ी स्वतंत्रता होगी जहां वे कम से कम नियंत्रित माहौल में एक दूसरे से मिल सकते हैं और साथ खाना खा सकते हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि यूएई में इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने के दौरान लगभग तीन महीने जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में रहने के बाद सीधे यहां पहुंचे खिलाड़ियों के लिए 14 दिन का पृथकवास चुनौतीपूर्ण था। 

ये भी पढ़ें - पूर्व फुटबॉलर विजयन ने बताया, आखिर क्यों फुटबॉल के आकार का केक काटने से माराडोना ने किया था इनकार

भारत के सीमित ओवरों के कप्तान लोकेश राहुल ने स्वीकार किया कि जब वह टीम के अपने साथियों के साथ ट्रेनिंग के लिए एक साथ आते हैं तो काफी बेहतर महसूस करते हैं। राहुल ने कहा,‘‘कमरे में अकेले रहना चुनौती है। जब आप अभ्यास करते हो, टीम के अपने साथियों से मिलते हो, यह दिन का सर्वश्रेष्ठ समय है। आप एक साथ मजा करते हो। असली चुनौती तब होती है जब आप होटल में वापस आते हो और अकेले होते हो।’’ 

भारतीय टीम पूर्ण दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया आई है जहां उसे तीन एकदिवसयी अंतरराष्ट्रीय, इतने ही टी20 अंतरराष्ट्रीय और चार टेस्ट मैच खेलने हैं। दौरे की शुरुआत शुक्रवार को पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के साथ होगी जबकि टेस्ट श्रृंखला एडीलेड में 17 दिसंबर को शुरू होगी।

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल