जोहानसबर्ग: जोहानिसबर्ग में हुए चौथे वनडे में साउथ अफ्रीका ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हरा दिया है। लिहाजा भारत का सीरीज जीतने का इंतजार और ज्यादा बढ़ गया है। फिलहाल भारतीय टीम सीरीज में 3-1 से आगे है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका को जीत के लिए 290 रन का लक्ष्य दिया था।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने 7.2 ओवर में 1 विकेट गंवा कर 43 रन बना लिए थे। लेकिन, बारिश ने दस्तक दी और खेल रोक दिया गया। बारिश रुकने के बाद अफ्रीका को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 28 ओवर में 202 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। जिसके जवाब में मेजबान टीम ने 25.3 ओवर में 5 विकेट गंवा कर 207 रन बनाए।
इससे पहले, भारत ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (109) तथा कप्तान विराट कोहली (75) जब तक विकेट पर थे लग रहा था कि मेहमान टीम 300 के पार आसानी से जाएगी, लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद भारत 50 ओवरों में सात विकेट पर 289 रनों पर ही रुक गया।
अंत में महेंद्र सिंह धौनी ने 43 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 42 रनों की पारी खेल टीम को सम्मानजनक प्रदान किया।
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, अजिंक्य रहाणे, महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर),श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल।
दक्षिण अफ्रीका: एडिन मार्कराम (कप्तान), हाशिम अमला, हेइनरिक क्लासेन ,अब्राहम डिविलियर्स, ज्यां पॉल ड्यूमिनी, डेविड मिलर, क्रिस मौरिस, कागिसो रबादा, लुंगी नगिड़ी, आंदिले फेहुलकवायो, मोर्ने मोर्केल।