1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. चौथे वनडे में आज ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया

चौथे वनडे में आज ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी टीम इंडिया

 Edited By: India TV Sports Desk
 Published : Feb 09, 2018 01:35 pm IST,  Updated : Feb 10, 2018 06:50 am IST

जीत के अश्वमेधी रथ पर सवार भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे वनडे के जरिये सीरीज में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने उतरेगी जबकि मेजबान का इरादा इज्जत बचाने का होगा।

भारतीय टीम- India TV Hindi
भारतीय टीम

जोहानिसबर्ग: जीत के अश्वमेधी रथ पर सवार भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे वनडे में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने उतरेगी जबकि मेजबान का इरादा इज्जत बचाने का होगा। सीरीज में 3-0 की बढ़त बनाने के बाद भारत को अब दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर पहली वनडे सीरीज जीतने के लिये सिर्फ एक और जीत की जरूरत है।

इससे पहले 2010-11 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में उसने 2-1 से बढ़त बनाई थी लेकिन सीरीज 3-2 से हार गई। भारत ने न्यूलैंड्स में जीत के साथ ही 1992-93 के बाद दक्षिण अफ्रीका में द्विपक्षीय वनडे सीरीज में पहली बार तीन मैच जीते। अब चौथा मैच जीतकर भारत आईसीसी वनडे रैकिंग में नंबर वन पर अपनी स्थिति पुख्ता करना चाहेगा।

दक्षिण अफ्रीका ने न्यूलैंड्स पर कलाई के पांच अलग अलग स्पिनरों के साथ अभ्यास किया लेकिन चहल और यादव का सामना नहीं कर सके। दक्षिण अफ्रीका के लिये राहत की बात ये है कि एबी डिविलियर्स की टीम में वापसी हुई है वो बाकी बचे 3 मैच खेलेंगे। अगर वह खेलते हैं तो तीसरे नंबर पर उतरेंगे और जेपी डुमिनी चौथे नंबर पर खिसक जायेंगे। ऐसे में डेविड मिलर या खाया जोंडो में से एक को बाहर रहना होगा। 

एडेन मार्करेम टीम की कप्तानी करते रहेंगे। यह पिंक वनडे होगा जो स्तन कैंसर के लिये जागरूकता जगाने के मकसद से खेला जा रहा है। पहली बार इसका आयोजन 2011 में हुआ और छठी बार खेला जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका ने पिंक जर्सी में खेलते हुए एक भी मैच नहीं गंवाया है। डिविलियर्स ने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 44 गेंद में 149 रन बनाये थे। इससे पहले 2013 में भारत के खिलाफ 47 गेंदों में 77 रन बनाये थे। 

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार 11वें वनडे में रोहित शर्मा खराब फार्म से जूझते दिखे हैं। उनका दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले 11 मैचों में औसत 12.10 है और भारतीय टीम प्रबंधन के लिये यह चिंता का सबब होगा। भारत का इस मैदान पर औसत रिकॉर्ड रहा है। यहां सात वनडे में से भारत ने तीन जीते और चार गंवाये। इसमें 2003 विश्व कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से मिली हार शामिल है। यहां दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जनवरी 2011 में भारत ने जीत दर्ज की थी जब मुनाफ पटेल के चार विकेट की मदद से भारत ने एक रन से रोमांचक जीत हासिल की थी। 

टीमें: 

भारत: विराट कोहली ( कप्तान ), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, केदार जाधव, एम एस धोनी, हार्दिक पंड्या, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, शरदुल ठाकुर। 

दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्करेम ( कप्तान ), हाशिम अमला, जेपी डुमिनी, इमरान ताहिर, डेविड मिलर, मोर्नी मोर्कल, क्रिस मौरिस, एल एंगिडि, एंडिले पी, कागिसो रबाडा, तबरेज शम्सी, के जोंडो, फरहान बेहार्डियेन, हेनरिच क्लासेन , एबी डिविलियर्स। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल