1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. बीसीसीआई ने सीए को स्पष्ट किया, भारत आस्ट्रेलिया में डे-नाइट टेस्ट नहीं खेलेगा

बीसीसीआई ने सीए को स्पष्ट किया, भारत आस्ट्रेलिया में डे-नाइट टेस्ट नहीं खेलेगा

 Reported By: Bhasha
 Published : May 07, 2018 03:41 pm IST,  Updated : May 07, 2018 03:41 pm IST

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया को आधिकारिक तौर पर सूचित कर दिया है कि भारत इस साल के आखिर में अपने आस्ट्रेलियाई दौरे में दिन रात्रि टेस्ट मैच नहीं खेलेगा। 

Day night Test- India TV Hindi
Day night Test

नयी दिल्ली: भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया को आधिकारिक तौर पर सूचित कर दिया है कि भारत इस साल के आखिर में अपने आस्ट्रेलियाई दौरे में दिन रात्रि टेस्ट मैच नहीं खेलेगा। क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) दूधिया रोशनी में गुलाबी गेंद से टेस्ट मैच के आयोजन के लिये जोर दे रहा है क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में वहां का दौरा करने वाली टीमें दिन रात्रि मैच खेलती रही हैं लेकिन भारतीय बोर्ड ने साफ किया है कि वह लाल गेंद के परंपरागत मैचों से नहीं हटेगा। 

मुख्य कोच रवि शास्त्री की अगुवाई वाले भारतीय टीम प्रबंधन ने प्रशासकों की समिति (सीए) को बताया कि टीम को दिन रात्रि टेस्ट मैच की तैयारी के लिये कम से कम 18 महीने की जरूरत पड़ेगी। इसके बाद कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी को सीए के मुख्य कार्यकारी जेम्स सदरलैंड तक संदेश पहुंचाने के लिये कहा गया। 

सीए चाहता है कि एडिलेड में छह से दस दिसंबर तक होने वाला पहला टेस्ट मैच गुलाबी गेंद से खेला जाए। 

चौधरी ने सदरलैंड को भेजे गये ईमेल में लिखा है, ‘‘प्रशासकों की समिति ने मुझे यह संदेश पहुंचाने का निर्देश दिया है कि भारत इस प्रारूप में लगभग एक साल बाद ही खेलना शुरू कर पाएगा। वर्तमान परिस्थितियों में मुझे यह कहते हुए खेद है कि प्रस्तावित दिन रात्रि टेस्ट मैच नहीं खेला जा सकता है और सभी टेस्ट मैच परंपरागत ढांचे में ही खेले जाएंगे।’’ 

पिछले सप्ताह सदरलैंड ने आस्ट्रेलिया में एक रेडियो स्टेशन से कहा था कि भारत इसलिए गुलाबी गेंद से टेस्ट मैच नहीं खेलना चाहता है क्योंकि वह श्रृंखला जीतने के लिये बेताब है। आस्ट्रेलिया ने घरेलू सरजमीं पर अभी तक कोई दिन रात्रि टेस्ट मैच नहीं गंवाया है। भारतीय खिलाड़ियों में केवल चेतेश्वर पुजारा और मुरली विजय ने ही दलीप ट्राफी में गुलाबी गेंद से दिन रात्रि मैच खेला है। 

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल