नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के जिम्बाब्वे दौरे के दौरान आज एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब सीरीज के प्रायोजकों में से एक से जुड़े अधिकारी को कथित बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किया गया। हालांकि इस अधिकारी ने इस आरोप से इनकार किया और खुद को निर्दोष बताया है। यह विवाद तब खड़ा हुआ जब जिम्बाब्वे मीडिया में खबर आयी कि एक भारतीय क्रिकेटर को बलात्कार के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है, हालांकि उसका नाम नहीं दिया हुआ था।
रिपोर्ट में कहा गया कि अफ्रीकी देश के भारतीय दूत आर मासाकुई ने बीती रात हरारे के होटल में खिलाड़ी की गिरफ्तारी को रोकने की कोशिश की। हालांकि भारत में अधिकारिक सूत्रों ने इस रिपोर्ट से इनकार किया है। इसमें कहा गया कि जो व्यक्ति गिरफ्तार हुआ, वह मौजूदा एक दिवसीय श्रृंखला के प्रायोजकों से एक से जुड़ा हुआ है।
सूत्रों ने कहा, हरारे में बलात्कार के कथित आरोप में भारतीय क्रिकेटर के संबंध में आयी मीडिया रिपोर्टों के बारे में हमने जिम्बाब्वे में हमारे दूत से बात की है। रिपोर्ट पूरी तरह झूठ है। कोई भी भारतीय क्रिकेटर इसमें शामिल नहीं है।